कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
लॉकडाउन के दौरान अफवाह उड़ाने के मामले में पुलिस ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। शहर के एक प्लाय मिल पर मुफ्त में लकड़ी मिलने की अफवाह पर सैकड़ों महिलाएं वहां लकड़ी लेने पहुंच गयीं। अफरा- तफरी के बीच कई महिलाएं प्लाय मिल में रखी लकड़ियों को उठाकर ले गयीं। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और कमांडो दस्ता मौके पहुंचे। इसके बाद सायरन बजाकर महिलाओं को वहां से घर भेजा गया। इस मामले में सख्ती दिखाते हुए मिल मालिक सहित दो के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि श्याम फ्लाई ने बुधवार को कुछ महिलाओं को प्लाय का टुकड़ा जलावन के लिए दिया। कुछ शरारती तत्वों ने मस्जिद चौक मुहल्ला में अफवाह फैला दी कि लकड़ी मुफ्त में मिल रही।मुफ्त की लकड़ी एक ही दिन मिलेगी। अफवाह फैलते ही मुहल्ले की सैकड़ों महिला और बच्चे प्लाय मिल पर पहुंच गए। मिल में रखा जलावन लूटकर कई महिलाएं घर ले गयीं। इसकी सूचना थाना को दी गयी। थाना अध्यक्ष कमांडो दस्ता और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने के बाद कई महिलाएं लकड़ी लेकर भाग निकली।
कई महिलाओं को पुलिस ने वहां से हटाया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि सरकार की ओर से लॉकडाउन की घोषणा की गयी है। आदेश के मुताबिक कहीं भी भीड़ जमा नहीं करनी है। मील मालिक ने आदेश का उल्लंघन किया है।मील मालिक और उनके मेनेजर के खिलाफ लॉकडाउन आदेश का उल्लंघन करने के आरोप मे मामला दर्ज किया गया है।दूसरी ओर मिल व्यवस्थापक ने कहा कि लॉकडाउन के आदेश के बाद मिल बंद था। बुधवार की सुबह दो- तीन महिलाएं वहां पहुंची। लॉकडाउन में लकड़ी नहीं मिलने के कारण खाना बंद होने की बात कही।तीनों महिलाओं मुफ्त में लकड़ी दी गयी। इस बीच किसी ने मुहल्ला में अफवाह फैला दी कि मिल में लकड़ी मुफ्त में दी जा रही है। सैकड़ों महिलाएं और बच्चे मिल से सभी लकड़ी लूट ले गये।