Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा। किशनगंज निवासी फाइनांस कंपनी के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 12, 2020

सहरसा। किशनगंज निवासी फाइनांस कंपनी के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

सहरसा के वीर कुंवर सिंह स्कूल पास ऑफिस के बाहर फाइनांस कर्मी के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक पंकज कुमार (26) किशनगंज के कोचाधामन थाना क्षेत्र के सिंधिया चकेधरा का रहने वाला था।
पुलिस को हत्या मामले में फाइनांस कर्मी के ही सहकर्मी अररिया निवासी आशीष आनंद पर शक है। उसे हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। 
घटना के बाबत बताया जा रहा है कि बुधवार की रात पंकज पूर्णिया कोर्ट से सहरसा स्टेशन आने वाली डेमू ट्रेन से शहर के कारु खिरहरी स्टेशन पर उतरा। स्टेशन से उतरकर पैदल वीर कुंवर सिंह स्कूल समीप स्थित अपने फाइनांस कंपनी ऑफिस के गेट पर पहुंचा। सेटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड ऑफिस के गेट को खोलने के लिए आवाज लगाई। इसी बीच पहुंचे बदमाशों ने उसके सीने के बाएं हिस्से में गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह वहीं पर गिर गया।
गोली की आवाज सुनकर मकान मालिक शिक्षक हरदेव सिंह सहित अन्य दौड़े। लोगों ने सदर पुलिस को सूचना दी। गश्ती के दौरान घूम रही सदर पुलिस देर रात एक बजे के बाद उठाकर उसे सदर अस्पताल लेकर आई। सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि सदर अस्पताल से उसे निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीने में बाएं तरफ गोली लगने के कारण उसकी हालत काफी नाजुक थी।

उन्होंने कहा कि फाइनांस कर्मी की हत्या मामले में सेटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड ऑफिस के एक कर्मी पर शक है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले का उद्भेदन जल्द कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतक के सीने में एक गोली मारी गई थी। उसके शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया चल रही है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
हिरासत में लिए गए कर्मी से पंकज की कई बार हुई थी बात 
हिरासत में लिए गए कर्मी आशीष आनंद से पंकज की कई बार बात हुई थी। आशीष और पंकज एक साथ ही होली के बाद बुधवार को सहरसा ड्यूटी पर आने वाले थे। लेकिन अचानक आशीष के पहले आ जाने की बात बताई जा रही है। पुलिस को छानबीन में यह भी पता चला है कि आशीष को किशनगंज से चलने, पूर्णिया कोर्ट में ट्रेन पर बैठने और कारु खिरहरी हॉल्ट पर उतरने की बात फोन कर पंकज ने बताई थी। यह भी पंकज ने कहा था कि ऑफिस का मुख्य गेट खोलकर रखना। थानाध्यक्ष ने बताया कि हिरासत में लिए गए कर्मी ने मृतक के बारे में यह गलत जानकारी दी कि वह सहरसा स्टेशन से उतरकर ऑफिस पास पहुंचा था। जबकि वह कारु खिरहरी हॉल्ट से उतरकर ऑफिस गेट पास पहुंचा था। उन्होंने कहा कि कॉल रिकॉर्ड का सीडीआर निकाला जा रहा है। उससे भी घटना का सुराग मिलेगा।

घटनास्थल से मृतक का बैग, मोबाइल और पर्स मिला
घटनास्थल से मृतक का बैग, मोबाइल और पर्स पुलिस को मिला है। ऑफिस के परिसर में लगी उसकी बाइक मिली है। इससे यह साबित हो रहा है कि घटना की वजह लूट नहीं कुछ और है। जिस ऑफिस में मृतक काम करता था वहां उसके सहित चार लोगों के कार्यरत रहने की बात कही जा रही है।