कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा में एक ही रात चोरों ने एक दुकान और दो घरों में चोरी कर पुलिस की लचर गश्त व्यवस्था की पोल खोल दी है। चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए सदर थाना परिसर से सटे एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान समेत शहर के हटियागाछी और न्यू कालोनी मोहल्ले स्थित दो सुनसान घरों में चार लाख से अधिक की संपत्ति की चोरी कर ली।
शहर के हटियागाछी स्थित दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में कार्यरत राजेश कुमार गुप्ता बुधवार को परिवारिक कार्यक्रम में भाग लेने गांव रहुआ तुलसियाही गए थे। वापस लौटने के बाद उन्होंने देखा कि चोरों ने मुख्य दरवाजे सहित अंदर के कमरे का ताला तोड़कर एक एलईडी, 35 हजार रुपये, मोबाइल फोन, टेबलेट, कपड़े सहित करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर ली।
इधर शहर के न्यू कालोनी वार्ड नंबर 9 स्थित सरकारी कर्मी अमरनाथ झा का भी सुनसान घर चोरों का निशाना बना। पीड़ित होली के मौके पर छह मार्च को अपने छोटे बेटे के पास पूर्णिया गये थे। उन्होंने पौधे में पानी देने के लिए एक चाभी घर में काम करने वाली महिला को दिया था। जिसके द्वारा चोरी होने की जानकारी दी गई। सदर थाना में दिए आवेदन में उन्होंने कहा है कि उनके घर व कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने मोबाइल फोन, 30 हजार रुपये का कपड़ा और पौने दो लाख रुपये के जेवरात की चोरी कर ली है।
इलेक्ट्रानिक्स व्यवसायी वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि दुकान के पिछले हिस्से थाना परिसर तरफ से दीवाल तोड़कर एलईडी टीवी व वाटर प्यूरीफायर की चोरी की गयी है। घटना की जानकारी मिलने पर सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह घटनास्थल पहुंचकर चोरी मामले में छानबीन की। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी मामले में छानबीन की जा रही है।
