कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा में बरियाही पीएचसी में प्रसव के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण प्रसूता की मौत हो गयी। महिला पड़री गांव निवासी राजेश साह की पत्नी पूनम देवी(32) है। वहीं नवजात बालक जिंदा है।
मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया गया। दूसरे दिन रविवार की सुबह दस बजे से ही बरियाही पीएचसी के पास सड़क जाम कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि यहां प्रसव में अवैध उगाही की जाती है। उनसे डिलेवरी के लिए 10 हजार रुपये की मांग की गयी। गांव से रुपये लेकर देने और काफी अनुरोध के बाद ड्यूटी पर तैनात नर्स डिलेवरी करने के लिए तैयार हुई। लेकिन जबरन पेट दबा देने के बाद बच्चा के साथ आंत भी निकल गया। इस कारण प्रसूता की मौत हो गयी।
मामला को दबाने के लिए मृत प्रसूता को बेहतर इलाज के लिए बताते आनन फानन में सदर अस्पताल भेज दिया गया। परिजनों द्वारा हंगामा करने की जानकारी मिलते पहुंचे बनगांव थानाध्यक्ष राम इकवाल पासवान और एएसआई एन के सिंह और जिप सदस्य धीरेन्द्र यादव ने रविवार को फैसला करने की बात कहकर परिजनों को समझा बुझाकर हंगामा शांत करवाया।
रविवार को कोई हल नहीं निकलने के बाद परिजनों सहित जिला पार्षद और ग्रामीण सड़क जाम पर बैठे हैं। गौरतलब है कि बरियाही पीएचसी में महिला चिकित्सक नहीं रहने के कारण नर्स द्वारा प्रसव करवाया जाता है। इस तरह की लापरवाही लोगों के जान पर बन आई है। इससे पहले भी कई प्रसूता की इलाज में लापरवाही के कारण मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि परिजन का आवेदन मिलेगा तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पीएचसी प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि प्रसूता की मौत की वजह क्या है इसकी पड़ताल की जा रही है।
