भागलपुर : एक हाथ में हथकड़ी और दूसरे हाथ में सिगरेट के साथ टिकटॉक पर एक कैदी का वीडियो खूब वायरल हो रहा है. टिकटॉक पर वायरल वीडियो भागलपुर का बताया जा रहा है. पुलिस के गिरफ्त में एक आरोपित ने अपनी दबंगई दिखाने के लिए गिरफ्तारी के बाद टिकटॉक पर एक वीडियो बनवायी. वीडियो बनते ही उसके गिरोह के साथियों ने उसे तेजी से टिकटॉक और अन्य सोशल साइट्स पर वायरल कर दिया.
बता दें कि पुलिस ने तातारपुर थाना क्षेत्र के गोलाघाट इलाके में गुरुवार रात हुई झड़प और फायरिंग मामले में वहीं के रहने वाले मोनू मंडल को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था. मामले में शराब की तस्करी में हुए विवाद में झड़प और फायरिंग का मामला सामने आया था. घटना के अगले दिन ही शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया गया. पर उसके पहले मोनू ने सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए टिकटॉक पर अपनी एक वीडियो बनवायी, जिसे उसके साथियों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
वीडियो में अभियुक्त मोनू मंडल को हथकड़ी लगा कर पुलिस कचहरी के सामने रोड पर ले जाते हुये दिख रही है. वीडियो के साउंड को एडिट कर 'लाखों का इक्का बॉस..' गाने की धुन पर मोनू को हथकड़ी लगाये एक के बाद एक सिगरेट के कई कश लगाते देखा जा रहा है.वीडियो के सामने आने के बाद इसकी जांच करायी जा रही है और इसका जिम्मा सिटी डीएसपी को दिया गया है.
