Kosi Live-कोशी लाइव कोसी, सीमांचल और पूर्व बिहार में विभिन्न हादसों में 11 की मौत, 11 घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, March 11, 2020

कोसी, सीमांचल और पूर्व बिहार में विभिन्न हादसों में 11 की मौत, 11 घायल

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

होली के दौरान कोसी, सीमांचल और पूर्व बिहार में हुए विभिन्न हादसों में जहां 8 युवकों की मौत हो गई वहीं तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सोमवार की देर रात से लेकर मंगलवार तक की है।
खगड़िया में दो युवकों की मौत
खगड़िया में रेल पोल से टकराकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसा मानसी थाना क्षेत्र के चुकती रेलवे ढाला के पास हुआ।
मृतक की पहचान चुकती गांव निवासी उमेश यादव के 22 वर्षीय बेटे मनीष कुमार के रूप में की गई। मनीष मानसी बाजार से घर लौट था
हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
उधर खगड़िया के ही अलौली-खगड़िया सड़क स्थित पेट्रोल पंप के पास 
पेड़ से टकराकर एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया वहीं दूसरा हादसे के बाद फरार हो गया।
मृतक की पहचान हरिपुर गांव निवासी जालिम सिंह के 32 वर्षीय बेटे गिरीश सिंह के रूप में की गई। घायल की खबर लिखे जाने तक पहचान नहीं हो पाई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
नदी में डूबने से युवक की मौत 
कटिहार के फलका थाना क्षेत्र के निसुन्दरा पुल के समीप बरण्डी नदी में एक बीस वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों और प्रशासन के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद पानी से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फलका लाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। संतोष कुमार (उम्र- 20 वर्ष) साकिन-पकड़िया गोबिन्दपुर होली खेलकर दोस्तों के साथ स्नान करने के लिए निसुन्दरा पुल समीप बरण्डी नदी गया था। 
अररिया में अलग-अलग हादसों में टक्कर में तीन युवक की मौत
अररिया शहर के तेरापंथ भवन के पास फ़ॉरलैंड सर्विस रोड पर जागीर बस्ती के समीप सोमवार की शाम दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में नरपतगंज थाना क्षेत्र के मिरदोल गांव का रहने वाला क्रिकेटर अमन कुमार सिंह और सिमराहा थाना क्षेत्र के महिदपुर डूबा गांव का रहने वाला शिव शंकर शामिल है।

जानकारी अनुसार अमन दोस्त के साथ कस्बा से क्रिकेट खेल कर बाइक से लौट रहा था, इसी दौरान विपरीत दिशा से युवक बाइक से जा रहा था। जागीर बस्ती के समीप दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस टक्कर में होनहार क्रिकेटर अमन कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके पीछे बैठा युवक घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक शिव शंकर और अन्य को स्थानीय पुलिस की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने शिव शंकर को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। पूर्णिया ले जाने के दौरान घायल शिव शंकर की भी मौत हो गई। इधर अमन की मौत से क्रिकेट प्रेमियों में शोक की लहर है।  
दो बाइक के बीच हुई टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत
वहीं अररिया के ही कुर्साकांटा में कुर्साकांटा-सुंदरी सड़क मार्ग में बलचंदा संतमत सत्संग मंदिर के पास स्थित मोड़ सोमवार की शाम दो बाइक के बीच हुई टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा बाइक सवार गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। मृतक संजय कुमार यादव (35) कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के हरीरा थारुटोला वार्ड एक निवासी देवनारायण यादव का बेटा था। कुर्साकांटा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक को जब्त कर थाना ले आई। पुलिस दूसरे बाइक सवार को ढूंढ रही है जिसने हादसे के बाद बाइक छोड़कर फरार है। घटना के बाद संजय के घर हरीरा में कोहराम मचा हुआ है।
सुपौल में स्कार्पियो की ठोकर से बाइक चालक की मौत
सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के राजवाड़ा पावर ग्रिड के पास एसएच 91 पर मंगलवार को स्कार्पियो की ठोकर से एक बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी अनुसार विक्की सिंह (30) अपनी बाइक से दीपक कुमार (28), केशव कुमार (22) के साथ छातापुर बाजार से अपने घर जा रहा था। पावर ग्रिड के पास भीमपुर की ओर से आ रही स्कार्पियो बीआर 11 पिसी 0564 ने बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर लगने से बाइक चालक विक्की सिंह, दीपक कुमार और केशव घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस मंगवाकर तीनों युवक को पीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने विक्की को मृत घोषित कर दिया। दीपक को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया है। तीनों युवक लालगंज पंचायत के पड़ियाही गांव के रहने वाले हैं। सूचना पर पुलिस पहुंचकर स्कार्पियो और बाइक को जब्त कर लिया है।
सड़क दुर्घटना में 12 वर्षीय बालक की हुई मौत
जमुई में मंगलवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में एक बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना जमुई लखीसराय मार्ग के अम्बा के समीप की है। दुर्घटना के बाद वैन चालक ने भी अपना संतुलन खो दिया। वाहन एक पेड़ से टकराकर रुक गई। इसी दौरान आसपास के लोग जमा हो गए और चालक को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। इस बात की सूचना तत्काल सदर थाना के पुलिस को दी गई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर चालक को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक बालक मोनू कुमार 12 वर्ष पंचायत समिति सदस्य लगन रावत का भतीजा बताया जाता है। होली के मौके पर सड़क दुर्घटना में बालक की हुई मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।

पूर्णिया में पानी में डूबने से दो स्कूली छात्र की मौत
पूर्णिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर पंचायत के दुर्गापुर गांव में मंगलवार की दोपहर पोखर के पानी मे डूबने से दो स्कूली छात्र की मौत हो गयी। मृतक दोनों छात्र दुर्गापुर पूरब टोला निवासी लक्ष्मी मंडल का पुत्र सत्यम कुमार(12 वर्ष) एवं सुधीर मंडल का पुत्र शिवम कुमार (12 वर्ष) है। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ होली खेलने के बाद पोखर में नहाने गया हुआ था। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों छात्र गहरे पानी में डूब गया। गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गयी। घटना की जानकारी पाकर स्थानीय लोगों एवं मृतक छात्र के परिजनों के द्वारा दोनों के शव को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद घटना की जानकारी पाकर भवानीपुर पुलिस मौके पर पहुंच दोनों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोष्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया।
यात्रियों से भरे ऑटो और गाड़ी की भिडंत में एक की मौत, आठ गंभीर घायल
पूर्णिया के बनमनखी में यात्रियों से भरे ऑटो और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गयी वहीं आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सरसी थाना पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल पूर्णिया भेजा है तथा सभी घायलों को इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। सरसी पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सरसी थाना लाया है। घटना सरसी थानाक्षेत्र सरसी-कुरसेला-फारबिसगंज स्टेट हाईवे-77 पर कचहरी बलुआ के समीप घटी है।