कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
फ्रेंचाईजी के नाम पर धोखाधड़ी मामले में कई को बनाया गया आरोपित
, सहरसा: दुनिया के मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हवीब समेत अन्य पर सदर थाना में धोखाधड़ी व जालसाजी का मामला दर्ज कराया गया है। पंचवटी चौक निवासी किरण कुमारी ने दिए आवेदन में कहा है कि भारत सरकार द्वारा प्रायोजित स्टार्टअप इंडिया के अंतर्गत प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना से बैंक ऑफ इंडिया सहरसा से उन्होंने 27 लाख रुपये ब्यूटी पार्लर का व्यवसाय करने हेतु ऋण लिया था। उसी क्रम में मेसर्स जावेद हवीब एंड कंपनी के बिहार-झारखंड एजेंट अरविद कुमार, मेसर्स विजेल सर्विस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड मुंबई के रवि कुमार, जावेद हवीब, मेसर्स जावेद हवीब एंड ब्यूटी मुंबई के बेंकट रविन्द्र राय ने मुझसे संपर्क कर जावेद हवीब का फ्रेंचाइजी सहरसा में खोलने हेतु संपर्क किया। अपने एजेंट के माध्यम से मेसर्स जावेद हवीब के निदेशक से मेरी बात हुई और उनके कहे के अनुसार फ्रेंचाइजी हेतु अग्रिम साढ़े सात लाख का चेक जमा किया गया और एकरारनामा बना लिया गया। आवेदन में कहा है कि चेक मात्र सिक्युरिटी के तौर पर रखा जाएगा और फ्रेंचाईजी के शर्तों के अनुसार पूरब बाजार में मकान किराया लेकर चालीस लाख की राशि खर्च कर मेसर्स जावेद हवीब के फ्रेंचाइजी के तौर पर फरवरी 2017 से जेंटस एंड लेडीज ब्यूटी पार्लर का कार्य शुरू किया। आरंभ के दिनों में ब्यूटीशियन एवं तकनीशियन उपलब्ध कराया गया। लेकिन एक माह के अंदर ही ब्यूटीशियन व तकनीशियन को वापस बुला लिया गया। बार-बार आग्रह के बाद भी दुबारा ब्यूटीशियन व तकनीशियन को नहीं भेजा गया। जिस कारण व्यापार पूरी तरह घाटे में चलने लगा। इससे तीस लाख से अधिक का नुकसान हो चुका है। उन्होंने कहा है कि उक्त लोगों द्वारा इसी तरह धोखाधड़ी कर भयादोहन व जालसाजी किया जाता है। इसी बीच उनके द्वारा दिये गये सिक्युरिटी के तीन चेक का गलत इस्तेमाल कर बैंक में डालकर बाउंस करा दिया गया। कहने पर धमकी देने के साथ ही हर माह 50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। कहा कि उक्त लोग नये लोगों को फ्रेंचाईजी के नाम पर फंसाकर भयादोहन करने के साथ धोखाधड़ी करते हैं। मामले में थानाध्यक्ष राजमणि ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही एक टीम वरीय अधिकारी के आदेश से मुंबई भेजा जाएगा।
