Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा।हिंदू-मुस्लिम की एकता को तोड़ना चाहती है भाजपा:तेज प्रताप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, February 18, 2020

सहरसा।हिंदू-मुस्लिम की एकता को तोड़ना चाहती है भाजपा:तेज प्रताप

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

सहरसा। नगर पंचायत के रानीबाग मैदान में शाहीन बाग के तर्ज पर जारी सीएए, एनपीआर एवं एनआरसी के विरोध में चल रहे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के 30वें दिन पहुंचे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव ने कहा कि पीएम और गृहमंत्री हिंदू-मुस्लिम को बांटना चाहते हैं। लेकिन हम सभी आपस में भाई हैं इसलिए उनके तोड़ने से टूटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पीएम ने बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन देश में बेरोजगारी बढ़ गई हैं। हम हमने संविधान के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। अपने पिता लालू प्रसाद की चर्चा करते हुए कहा कि उनके रहते कोई कुछ नहीं कर पाएगा। हम और तेजस्वी आपके साथ हैं। उन्होंने कहा कि पीएम हिन्दू राष्ट्र की बात करते हैं। बजरंग दल सब नौटंकी करा रहा है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि कई ने बीजेपी के सामने घुटने टेक दिए। पलटू राम नीतीश कुमार कहते थे कि मिट्टी में मिल जायेंगे लेकिन बीजेपी से नही मिलेंगे पर चोर दरवाजे से इंट्री मार बिहार को बर्बाद कर दिया। आज उन्हें तेज और तेजस्वी नीतीश कुमार के आंख में चुंभने लगे हैं। जनता समझ चुकी है अब लालू जी के साथ जाना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्री यादव और संचालन पुनपुन यादव ने किया। मौके पर स्थानीय विधायक जफर आलम, सहरसा विधायक अरूण यादव, राजद जिलाध्यक्ष मो. ताहिर, सैयद हैलाल असरफ, बरकत अली, सुरेन्द्र यादव, गुंजन देवी, राजेंद्र यादव, रंजीत यादव, तहसीन रजा, डीएसएस जिलाध्यक्ष मनोज यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



देश को तोड़ने की राजनीति कर रही है एनडीए सरकार: तेजप्रताप



सहरसा। केंद्र की वर्तमान एनडीए सरकार देश और समाज को तोड़कर शासन करना चाह रही है। जिसका जगह-जगह विरोध किया जा रहा है। उक्त बातें मंगलवार को जलई ओपी क्षेत्र के बहोरवा चौक पर नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चल रहे अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे लोगों को संबोधित करते हुए सूबे के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राजद नेता तेजप्रताप यादव ने कही।

उन्होंने कहा कि केंद्र की वर्तमान सरकार जाति के नाम पर देश को तोड़ने की कोशिश कर रही है और हमारी पार्टी उसे जोड़ने का प्रयास कर रही है। सरकार की मंशा एनआरसी, सीएए और एनपीआर जैसे काले कानून से प्रकट हो जाती है। जिसके विरोध में देश के कई स्थलों पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। लेकिन सरकार वार्ता करने को तैयार नहीं है। कहा कि हम इस काले कानून के खिलाफ सदन व सदन से बाहर सरकार को घेरेंगे। इस दौरान राजद के जिलाध्यक्ष मो. ताहिर, सहरसा विधायक अरूण यादव, रंजीत यादव, नजमूल होदा, डीएसएस जिलाध्यक्ष मनोज यादव, क्यामूल हक, एनामुल हक, अब्दुल हकीम, ग्यासुद्दीन, रहबर इस्लाम, दशरथ पासवान, नागो पासवान, शकील, मशीउद्दीन सहित अन्य उपस्थित थे।