कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा-मधेपुरा रेलखंड पर अंडरपास निर्माण कार्य को फायनल टच देने के लिए रेलवे 22 से 29 फरवरी तक पांच घंटे का ब्लॉक लेगा। इस दौरान सहरसा-मधेपुरा अप डाउन सवारी गाड़ी (55569/70) रद्द रहेगी। पूर्णिया कोर्ट से सहरसा के लिए डेमू ट्रेन (75261) 210 मिनट रिशिड्यूलिंग होकर चलेगी। जयनगर से सहरसा, कटिहार होकर मनिहारी को जाने वाली जानकी एक्सप्रेस सलौना-सिमरी बख्तियारपुर के बीच 135 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी।
समस्तीपुर मंडल के सीनियर डीसीएम सह पीआरओ सरस्वती चंद्र ने कहा कि सुबह 8:30 से दिन के 1:30 बजे तक पांच घंटे का ब्लॉक लेकर अंडरपास का प्री कास्ट स्लैब और आरसीसी सेगमेंट बॉक्स निर्माण कार्य किया जाएगा। समस्तीपुर मंडल के सीनियर डीईएन थ्री मयंक अग्रवाल ने एडीईएन मनोज कुमार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को परिचालन विभाग को भेजते ट्रैफिक और पावर ब्लॉक मांगी थी। ब्लॉक की तिथि मिलते एडीईएन ने सोमवार को कार्यएजेंसी के साथ बैठक करते कैसे-कैसे कार्य करना है, इससे संबंधित निर्देश दिया।
पहले फाटक 94 को समाप्त कर बनेगा अंडरपास : सबसे पहले मिठाई-मधेपुरा के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या-94 को समाप्त करने के लिए अंडरपास निर्माण कार्य को फायनल टच दिया जाएगा। इसके बाद इस मार्ग में ही स्थित लेवल क्रॉसिंग-94 ए फिर बैजनाथपुर से आगे स्थित लेवल क्रॉसिंग 97 और 98 पर अंडरपास निर्माण कार्य को फायनल टच दिया जाएगा। अंडरपास का कार्य सहायक मंडल अभियंता मनोज कुमार की मॉनिटरिंग में चल रहा है।
