कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। आनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न पार्टियों की गतिविधि तेज हो गयी है। ऐसे में शुक्रवार को महिषी विधानसभा के दौरामा गांव से लोजपा ने सदस्यता अभियान शुरू किया। हर विधानसभा में पच्चीस हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस मौके पर पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सह विधान पार्षद नूतन सिंह ने बताया कि बिहार के 119 सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इसमें कोसी की तीन सीटों पर लोजपा चुनाव लड़ेगी। इसमें सिमरी बख्तियारपुर, पिपरा व महिषी विधानसभा सीट पर लोजपा ने दावा किया है। उन्होंने बताया कि पूरे बिहार में एनडीए एकजुट है। महागठबंधन में एकता नहीं है और वो जनता से दूर है। उन्होंने बताया कि लोजपा को जो भी सीट मिलेगी उस पर शत-प्रतिशत जीत हासिल की जाएगी। कहा कि कार्यकर्ताओं का हौसला परवान पर है। एनडीए सरकार में हर वर्ग का विकास हो रहा है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष आशुतोष झा भी मौजूद थे।
