Kosi Live-कोशी लाइव बिहार: मधुबनी से लापता युवक की सुपौल में हत्‍या, नववर्ष पर घर से बुलाकर ले गये थे दोस्‍त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, January 5, 2020

बिहार: मधुबनी से लापता युवक की सुपौल में हत्‍या, नववर्ष पर घर से बुलाकर ले गये थे दोस्‍त

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।



मधुबनी। मधुबनी के लौकही थाना क्षेत्र के ककरडोभ गांव से एक जनवरी को लापता अमोद कुमार साह (18) की हत्या कर दी गई है। उसका शव रविवार को सुपौल जिले के हरियाही गांव के समीप तिलयुगा नदी के पुल के नीचे झाड़ी में मिला। शव मिलने के बाद युवक के पिता की आशंका सही साबित हुई। दिनेश साह ने एक जनवरी को ही पुत्र की हत्या की आशंका जताई थी। इसमें अमोद के दो दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस पहले हत्या की आशंका को टालती रही।
इधर पुलिस ने बरामद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया गया है। युवक का शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस पखवाड़े ककरडोभ गांव में यह दूसरी घटना है। इससे पहले गांव के हरे राम साह के पुत्र मिथिलेश कुमार साह का शव तालाब में मिला था। लगातार इस तरह की घटना से ग्रामीणों में सनसनी है। साथ ही वे असुरक्षित भी महसूस कर रहे हैं।

अमोद के पिता दिनेश साह ने दर्ज प्राथमिकी में कहा था कि ककरडोभ के रोहित साह व हिरपटी गांव के राजू मंडल उसे एक जनवरी को साथ ले गए। उसी दिन देर शाम अमोद की हत्या कर दिए जाने की जानकारी कई सूत्रों से मिली। कई ग्रामीणों ने भी तब दिनेश की बातों को सही कहा था, मगर किसी कोई साक्ष्य नहीं मिलने से पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई थी।
शव बरामद होने के बाद थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। अमोद तीन भाइयों मे सबसे छोटा था। उसका शव मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया है। उसकी हत्या या मौत का कोई स्पष्ट नहीं पता चल रहा है।