Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल: सदर अस्पताल में ओपीडी से डॉक्टर के गायब रहने पर मरीजों ने किया हंगामा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, January 30, 2020

सुपौल: सदर अस्पताल में ओपीडी से डॉक्टर के गायब रहने पर मरीजों ने किया हंगामा

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

सुपौल के सदर अस्पताल में चर्मरोग और ऑर्थोपेडिक ओपीडी के डॉक्टर बुधवार को गायब रहे। दूर-दराज से इलाज की आस में मरीजों को खासी दुश्वारियां झेलनी पड़ी। गुस्साए मरीजों ने ओपीडी में हंगामा किया। इसके बाद सदर अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया और ओपीडी में पहुंचे। 
इस दौरान सैकड़ों मरीज बिना इलाज के लौट गए। सुबह 8 बजे से दो बजे तक ओपीडी संचालन का समय है। ऐसे में चार घण्टे तक पुर्जा कटाकर लाइन में खड़े लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मरीजों का कहना था कि सुबह से भूखे प्यासे रहकर डॉक्टर के आस में इंतजार कर रहे हैं। लेकिन पांच घंटे होने को आए अब तक एक भी डॉक्टर नहीं पहुंचे। इस बीच कुछ मरीजों ने टोल फ्री नंबर 104 पर कॉल कर शिकायत की तो आधे घण्टे में समस्या का समाधान करने की बात कही। कुछ पूछताछ काउंटर पर जानकारी लेने पहुंचे तो किसी तरह का रिस्पांस नहीं मिला।
 थकहारकर मरीज और उसके परिजन हो-हंगामा करने लगे। मरीज और उनके परिजन सुरक्षा गार्ड से भी उलझ गए तब जाकर प्रबंधन के लोग आए और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। लोगों का कहना था कि डॉक्टर की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे लेकिन कोई कुछ भी नहीं बता रहा था। बाद में पता चला कि डॉक्टर साहब छुट्टी पर हैं तो नोटिस चिपकाकर उसी पुर्जा पर अगले सप्ताह इलाज की बात बताकर मरीजों को वापस भेज दिया गया।
वहीं सदर अस्पताल के सीएस डॉ. कृष्णमोहन प्रसाद ने बताया कि डॉक्टर के छुट्टी पर चले जाने के कारण ऐसी समस्या उत्पन्न हुई। बताया कि शिकायत मिलने पर डीएस को भेजकर मरीजों को समझाबुझाकर शांत करा दिया गया।