कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सुपौल के त्रिवेणीगंज में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक नई बिना नंबर के अपाची बाइक पर सवार तीन युवकों को एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गश्त के दौरान थाना क्षेत्र के मटकुरिया-लतौना पक्की सड़क मार्ग के पास की गई।
एसडीपीओ गणपति ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार युवक मो जिबरायल और मो मासूम थाना क्षेत्र के मटकुरिया वार्ड 7 और मो रहमान बरहकुरुवा वार्ड 14 का निवासी है। वाहन चेकिंग के दौरान थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने जब ट्रिपल लोडिंग युवकों को रोककर उसकी तलाशी ली तो मो मासूम के कमर से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस और मो रहमान के जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। एसडीपीओ ने आशंका जाहिर करते हुए बताया कि यह तीनों गिरफ्तार युवक किसी अपराध की घटना को अंजाम देने जा रहे थे।
उन्होंने यह भी बताया कि ऐसी आशंका है कि गिरफ्तार युवक हथियार बेचने का धंधा भी करता है एसडीपीओ ने यह भी जानकारी दी कि बरामद अपाची बाइक नई है, जिसके कागजात भी गिरफ्तार आरोपित युवक ने नहीं दिखाये। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपित युवकों को जेल भेजा जा रहा है।
