कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा: बिहार के सहरसा के बैजनाथपुर में पेड़ पर फंदे से झूलता हुए युवक (28 साल) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सुभाष कुमार के रूप में की गई है और वह मधेपुरा जिला के घैलाढ़ थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव का रहने वाला था.
शव मिलने की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते गांव के ही मनोहर तांती पर आरोप लगाया. परिजनों ने कहा कि मनोहर तांती ने पहले सुभाष कुमार को शादी देखने के लिए फोन करके बुलाया और फिर गांव में ही अपने भतीजी से जबरन शादी करा दिया.
परिजनों की माने तो सुभाष की शादी कुछ दिन पहले सहरसा के बलहा गढ़िया गांव में तय हुई थी. साथ ही तिलक भी हो गया था. उन्होंने कहा कि इस बात पर मृतक सुभाष ने एतराज भी जताया था, लेकिन फिर उन लोगों ने जबरन उसकी शादी करा दी. इसके बाद जब मृतक सुभाष राजी नही हुआ तो, साजिशन उसकी हत्या करा दी गई.
वहीं, घटना की सूचना पर पहुंचे बैजनाथपुर ओपी प्रभारी ने कहा कि पेड़ से लटका युवक का शव बरामद किया गया है. मृतक युवक के पास से एक मोबाइल और सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमे जबरन शादी कराने की बात का जिक्र किया गया है.
इसको लेकर वो मानसिक रूप से परेशान था. मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत होता है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम में भेजा गया है और मामले की छानबीन की जा रही है.
