कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सुपौल। बिहार में एक बार फिर मानवता शर्मसार हो गई है। दबंगों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पति-पत्नी और बेटे को खूंटे में जानवरों की तरह बांधकर पीटा। मामला सुपौल जिले का है। खास बात कि दबंगों ने पांच घंटे से अधिक देर तक लोगों को पीटा। इसकी सूचना मिली तो वहां पुलिस पहुंची और कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर इसका फोटो और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के सदानंदपुर गांव में उस समय प्रशासनिक खेमे में हलचल मच गया, जब पता चला कि एक ही परिवार के तीन लोगों को कुछ लोग जानवरों की तरह पीटा जा रहा है। दबंगों ने वार्ड नंबर 1 में भूदान की जमीन को लेकर हुए विवाद में महादलित परिवार के तीन लोगों को खूंटे में बांधकर उन्हें लाठी-डंडे से बुरी तरह मारा-पीटा।
मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गयी है। उसका इलाज सरायगढ़ भपटियाही स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, दबंगों ने बाप-बेटे को तो पांच घंटे से अधिक समय तक हाथ-पैर बांधकर पिटाई की।
दुखद बात तो यह है कि सूचना मिलने पर भी पुलिस घटनास्थल पर चार घंटे बाद पहुंची। पुलिस को आता देख लोगों ने आनन-फानन में खूटे में बंधे बाप-बेटे को खोल दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर थाना अध्यक्ष प्रभाकर भारती के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार भी पहुंच गए। दोनों अफसरों ने इस मामले में ग्रामीणों से पूछताछ की।
इस बाबत थाना अध्यक्ष प्रभाकर भारती ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। भूमि विवाद के एंगल से भी मामले की छानबीन की जा रही है।
