कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। हुजूर! मेरे बेटे के हत्यारों को नहीं पकड़ रही पुलिस। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। हत्यारोपी खुलेआम घर आकर धमकी देते हैं। मेल कर लो नहीं तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। दो साल में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी।
दिवारी विषहरी स्थान पर जीविका के स्टाल पर मुख्यमंत्री उस वक्त सन्न रह गए जब उन्होंने यह बात सुनी। यहां धबौली पश्चिम पंचायत के भेलवापट्टी निवासी ललिता देवी अपनी व्यथा सुनाते-सुनाते रो पड़ी। मुख्यमंत्री ने पीड़िता के हाथ से आवेदन लिया और तत्काल डीजीपी को कार्रवाई का निर्देश दिया। डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने पीड़िता को हरहाल में इंसाफ दिलाने का भरोसा देते हुए डीआईजी सुरेश चौधरी को आवेदन सौंपते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया। डीजीपी ने पतरघट पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार पुलिस कर्मी पर कार्रवाई का निर्देश दिया।
---
क्या था मामला
---
वर्ष 2018 में प्रखंड क्षेत्र के कपसिया चौक से पूरब साइफन नहर के पूर्वी किनारे पर सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। युवक के पॉकेट से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया। युवक के पीठ पर एक बैग भी लटका हुआ था जिसमें मैट्रिक के सभी कागजात, आधार और बैंक पासबुक की छायाप्रति भी थे। मृतक की पहचान संदीप कुमार पिता बद्री ऋषिदेव, माता ललिता देवी, ग्राम भेलवापट्टी, वार्ड 07 पंचायत धबौली पश्चिम के रूप में की गयी।
इस मामले में पुलिस ने धबौली दक्षिणी के टेकनमा बस्ती निवासी मंदीप राम को गिरफ्तार किया।
----
मंदीप ने पूछताछ में कबूला अपराध
---
उस वक्त ओपी अध्यक्ष ने कहा था कि गिरफ्तार मंदीप राम ने बताया था कि भेलवापट्टी में 27 से 31 जनवरी तक दीनाभद्री का मेला लगा था। उसी मेला में टेकनमा निवासी विजय राम की बहन से संदीप की झड़प हुई थी। उसी आक्रोश में 5 फरवरी की रात टेकनमा निवासी बबलू यादव एवं मो.सद्दाम भेलवापटी पंचमुखी मंदिर के समीप से संदीप को बहला फुसलाकर कपसिया धबौली के बीच साईफन नहर से पश्चिम बसबिट्टी में लाया। जहां मंदीप ने मो. सद्दाम, बबलू यादव, विजय राम टेकनमा, मधेपुरा के ग्वालपड़ा निवासी रतन यादव और बसनही थाना के तम्कुल्हा निवासी राहुल यादव के सहयोग से गला दबाकर हत्या कर दी। उन्ही लोगों के सहयोग से शव को कपसिया चौक से पूरब साइफन नहर पर एक सिमर के पेड़ से उसी के मफलर से गले में फंदा लगाकर लटका दिया था।
---
शराब कारोबार में भी लिप्त था मंदीप
----
उस वक्त पुलिस ने बताया था कि गिरफ्तार मंदीप राम का पूर्व से देशी शराब के कारोबार लेकर भेलवापट्टी आना-जाना होता था। जिसका स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किया जाता था।
