Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल।कार की ठोकर से मोटरसाइकिल सवार की मौत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, January 8, 2020

सुपौल।कार की ठोकर से मोटरसाइकिल सवार की मौत

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

सुपौल: जिला मुख्यालय स्थित गौरवगढ़ चौक से सिंहेश्वर की ओर जाने वाली सड़क में सोमवार की रात तेज गति से जा रही कार ने एक मोटरसाइकिल को ठोकर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल पर सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बाद में युवक की मौत इलाज के लिए बाहर ले जाने के क्रम में हो गई। घटना उक्त सड़क स्थित नहर पर बने पुल पर घटी। मृतक गौरवगढ़, वार्ड नं.-5 निवासी 28 वर्षीय मनोज कुमार ठाकुर है। लोगों ने बताया कि घटना रात के नौ और दस बजे के बीच घटी है। मनोज डिग्री कालेज चौक के समीप सैलून चलाता था। उसे सैलून पर किसी ने सूचना दी कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब है। जिसके पश्चात वह घर आया और पत्नी को देखने के बाद किसी की मोटरसाइकिल मांग दवा के लिए बाजार की तरफ चल दिया। बाजार जाने के दौरान उक्त नहर स्थित पुल पर तेज गति से आ रही उजले रंग की कार ने उसके मोटरसाइकिल में ठोकर मार दी। ठोकर इतनी जबर्दस्त थी कि मोटरसाइकिल पुल से कई फीट दूर नहर के किनारे जा गिरी। दुर्घटना पश्चात लोगों ने मनोज को उठाकर एक निजी क्लीनिक पहुंचाया। लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने आवश्यक उपचार उपरांत बाहर ले जाने की सलाह दी। इलाज के लिए बाहर ले जाने के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। इधर दुर्घटना पश्चात कार का चालक कार को सड़क किनारे खड़ी कर फरार हो गया। सूचना पर रात में ही जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और कार की तलाशी ली तो उस कार से कुछ कागजात बरामद हुआ। बरामद कागजात से पता चला कि कार मधेपुरा जिला का है। वहीं लोगों ने बताया कि पुलिस को तलाशी के दौरान कार से पांच सौ के दो जाली नोट भी मिले हैं। जाली नोट के मिलने के बाबत पुलिस का कहना है कि अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। जांच के बाद ही सही बात का पता चल पाएगा। फिलहाल मंगलवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजन को सौंप दिया गया है।