कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सीएए और एनआरसी के खिलाफ बुधवार को विभिन्न राजनीतिक संगठनों की ओर से भारत बंद के आह्वान का मिला जुला असर दिख रहा है। सुबह से ही विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता हाथ मे झंडा बैनर लिए सड़क पर उतरकर लोगों से बंद में सहयोग की अपील करते नजर आए।
शहर के लोहिया नगर चौक, स्टेशन चौक और महावीर चौक पर कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर आवागमन बाधित कर दिया। बंद समर्थकों ने काला कानून बताते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाजी की। बंद समर्थकों का कहना था कि देश के नागरिकों से उनका सबूत मांगा जा रहा है और उन्हें प्रताड़ित करने वाला कानून है।
बंद समर्थक बीच बीच मे दुकानदारों से अपने-अपने प्रतिष्ठान को बंद कर नैतिक समर्थन देने का आह्वान भी कर रहे थे। इधर, जाम के कारण जगह-जगह वाहन फंसे रहे। लोग किसी तरह जाम से निकलने की जद्दोजहद करते दिखे। उधर, भारत बंद के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखा। चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस जवान तैनात थे।
