Kosi Live-कोशी लाइव Triple Murder in Bihar: बिहार के नालंदा में पति-पत्‍नी व बेटी की हत्या से मची सनसनी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, December 4, 2019

Triple Murder in Bihar: बिहार के नालंदा में पति-पत्‍नी व बेटी की हत्या से मची सनसनी

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

नालंदा। Triple Murder in Bihar: बिहार के नालंदा में ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई है। बिंद के मिसियाडीह में एक साथ तीन लोगों की हत्‍या से प्रशासन की नींद उड़ गयी है। लोग गुस्‍से में हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मरनेवालों में पति-पत्‍नी और उनकी बेटी शामिल है। घटना की जानकारी मिलते ही लोगाें की भीड़ मौके पर जुट गई है, वहीं पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए है। घटना की जांच की जा रही है। पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उस परिवार का किसी से कोई दुश्‍मनी तो नहीं थी।
   
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी और तीन साल की बच्ची की गला दबाकर शव को पईन में फेंक दिया गया था। तीनों शव बिंद थाना क्षेत्र के मिसियाडीह में पईन से बरामद किए गए हैं। ट्रिपल मर्डर की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके से एक मोबाइल मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।  

मृतकों की पहचान मिसियाडीह निवासी सुरेंद्र यादव की पुत्री 26 वर्षीय मिंटू कुमारी, दामाद पटना जिले के बख्तियारपुर के मिसी गांव निवासी सनी यादव (28) तथा उनकी तीन वर्षीय पुत्री नंदिनी कुमारी के रूप में की गई है। तीनों की गला पहले दबाकर हत्या की गई और बाद में शव फेंक दिए गए। मृतका के पिता सुरेंद्र यादव ने बताया कि पुत्री सात माह की गर्भवती थी। दामाद उसे व पुत्री को लेकर इलाज के लिए बिहारशरीफ मोटरसाइकिल से गए थे। अंतिम बार सोमवार की शाम मोबाइल पर बात हुई थी। कहा था कि घर पहुंच रहे हैं। मृतका का एक और पुत्र सनम कुमार (5) व पुत्री 5 वर्षीया शिवानी है। 

फिलहाल, घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि जांच चल रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिवारवालों को सौंप दिया गया है। घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक नीलेश कुमार, सदर डीएसपी इमरान परवेज, एसडीओ जनार्दन प्रसाद अग्रवाल, थाना प्रभारी राकेश कुमार पहुंचे और मामले की जांच की।