कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
पटना से पूर्णिया जा रही कान्हा ट्रैवल्स की यात्री बस ने मंगलवार की अहले सवेरे नरपतगंज एनएच 57 फोरलेन पर महावीर चौक पर फोरलेन किनारे एक खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के दौरान बस का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में घुसकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। यात्री बस पर अधिकांश पैसेंजर अररिया और पूर्णिया के थे। आसपास के ग्रामीणों ने किसी तरह बस के दोनों तरफ का शीशा तोड़कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इस घटना में छह यात्रियों समेत चालक को भी हल्की चोटें पहुंची है। घटना के संदर्भ में प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना से चलकर पूर्णिया जा रही कान्हा ट्रेवल्स की यात्री बस संख्या बीआर 19 पी 1249 सुबह करीब पांच बजे जैसे ही नरपतगंज महावीर चौक फोरलेन पर पहुंची कि बीते तीन दिनों से फोरलेन पर खराब अलकतरा लदे ट्रक संख्या आरजे 52 जीए 1803 में जा घुसी। घने कोहरे के कारण एक गाड़ी को साइड देने के क्रम में यात्री बस ने अलकतरा लदे ट्रक के पीछे जाकर जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के कारण करीब एक घंटे तक फोरलेन पर परिचालन बाधित रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन से क्षतिग्रस्त बस को वहां से हटाया गया। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि बस के सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने क्षतिग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेने की बात कही।
