Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:तीन नाबालिग लड़कों ने आठ साल की बच्ची के साथ बलात्कार के बाद हत्या की - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, December 24, 2019

बिहार:तीन नाबालिग लड़कों ने आठ साल की बच्ची के साथ बलात्कार के बाद हत्या की

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

पूर्णियां। धमदाहा थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात्रि एक आठ वर्षीया मासूम के साथ तीन नाबालिग छात्रों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बच्‍ची के दफनाए गए शव को निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीनों नाबालिग ने अपना जुर्म स्वीकार लिया है। उनकी उम्र क्रमश: 15, 14 व 12 वर्ष है। 
घटना के संबंध में बच्ची के पिता ने बताया कि रविवार की रात उसकी पुत्री खाना खाकर पड़ोस में टीवी देखने जाने की बात बोलकर घर से निकली। जब देर रात्रि तक वह नहीं लौटी तो घरवाले उसे ढूंढने लगे। बच्ची का कहीं कोई पता नहीं चला। सुबह होने पर ग्रामीणों ने एक पान की दुकान के नीचे बच्ची का शव देखकर शोर मचाया। इसके बाद स्वजन खून से लथपथ मासूम के शव को घर ले आए और सामाजिक दबाव के कारण उसे दफना दिया। 
ऐसे खुला राज   
इस बीच सोमवार की दोपहर तीनों आरोपितों में से एक किसी को मोबाइल पर यह कहते हुए पकड़ा गया कि हमलोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसे मारकर फेंक दिया है और उसके पिता ने पुलिस को भी सूचना नहीं दी है। आरोपित नाबालिग की यह बात एक ग्रामीण ने सुन ली। इसके बाद उसे पकड़कर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरी कहानी बयां कर दी। 

भीड़ ने की पिटाई 
इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और इस घटना में शामिल एक अन्य आरोपितों को भी पकड़ कर ले आई। इसके बाद दोनों की बांधकर पिटाई की गई और फिर धमदाहा पुलिस को सूचना दी गई। धमदाहा थानाध्यक्ष राजकिशोर शर्मा सदल बल मौके पर पहुंचे और दोनों को अभिरक्षा में लेते हुए दफनाए गए बच्ची के शव को निकालकर अपने कब्जे में लिया।
इस बाबत थानाध्यक्ष ने बताया कि तीन में से दो आरोपित उसी गांव के हैैं। एक पास के गांव का रहने वाला है। तीसरे की तलाश में छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।  इधर इस घटना के बाद पूरे इलाके के लोग स्तब्ध हैं।