Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा।प्रभु यीशु मसीह आया है, प्रेम का संदेश लाया है.. - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, December 25, 2019

सहरसा।प्रभु यीशु मसीह आया है, प्रेम का संदेश लाया है..

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
विकास कुमार की रिपोर्ट

सहरसा। बुधवार को क्रिसमस डे धूमधाम के साथ मनाया गया। हैप्पी क्रिसमस डे के आवाज से सारा शहर गूंजता रहा। शहर के संत नगर एवं पूरब बाजार स्थित चर्च में प्रार्थना सभा आयोजित की गयी। शहर के पूरब बाजार बीआईसी चर्च को रंग-बिरंगे झालरों व बल्वों से सजाया गया। चर्च के अंदर हॉल में सुबह में प्रार्थना सभा आयोजित की गयी। प्रार्थना सभा के दौरान ही मौजूद लोगों ने प्रभु यीशु को स्मरण कर उन्हें नमन किया तथा कहा कि उन्होंने पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया। पादरी बीसी रॉय ने प्रभु यीशु मसीह के संदेश को सुनाते हुए कहा कि उन्होंने सदैव लोगों की खुशहाली के लिए सोचा। लोगों को शांति का संदेश दिया। पादरी ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने की जरूरत बतायी तथा प्रभु यीशु ने जीवन मूल्यों से प्रेरणा दी है। उनके आदर्शों पर चलकर ही अपने जीवन को सार्थक बनाएं। युवा रोहन, अमन, निखिल, सुमित, मनीषा दास, स्टेला, स्टेली ने प्रभु यीशु मसीह पर केन्द्रित कई गीत गाए और उन्हें नमन किया। गीतों में- तेरा हो अभिषेक, सुनो दूत गण गाते हैं.., प्रभु यीशु मसीह आया है, प्रेम का संदेश लाया है.. आदि कई गीतों को सुनाया। चर्च में ईसाई समुदाय के अलावा अन्य धर्म के लोगों की भी भीड़ लगी रही। सबेरे से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। वहीं दूसरी ओर संत नगर स्थित चर्च में रात में ही प्रार्थना सभा हुई। चर्च को रंग बिरंगी झालरों से सजा दिया गया। चरनी में प्रभु यीशु के जन्म की झांकी लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी रही। चर्च में केक काटा गया और मौजूद लोगों के बीच केक वितरित किया गया।
--------------------
कैंडल जलाने के लिए मची रही होड़
चर्च में प्रार्थना सभा के बाद कैंडल जलाने के लिए युवाओं के बीच होड़ मची रही। युवाओं की टोली हाथ में कैंडल लेकर जलाकर प्रभु यीशु को याद किया। प्रार्थना सभा के दौरान ही अंदर चर्च लोगों से खचाखच भरा था। परिसर में ही युवाओं की टोली अपनी बारी का इंतजार कर रही थी। प्रार्थना सभा के बाद भीड़ के बाहर आते ही युवाओं की टोली अंदर जाकर प्रभु यीशु को स्मरण किया तथा क्रिसमस ट्री के आगे सेल्फी लेने के लिए युवा परेशान रहे।
-----------------
साउथ प्वाइंट स्कूल में मना क्रिसमस डे

 सहरसा: शहर के कहरा रोड स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल में क्रिसमस डे मनाया गया। बच्चों ने सांता क्लाज बनकर दूसरों बच्चों के बीच चाकलेट सहित उपहार वितरित किया। इस अवसर पर प्राचार्य राजीव कुमार ने बच्चों को प्रभु यीशु के जीवन कृतित्व को बताते हुए कहा कि उन्होंने समाज की भलाई के लिए हर हमेशा लोगों को जागरूक करते रहे। समाज में अमन व भाईचारा तथा शांति का संदेश दिया। उन्होंने उनके बताए गए मार्गों पर चलने का आह्वान छात्र-छात्राओं से किया। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु का जन्म मानवता के लिए शुभ संदेश बताया गया है। आज उन्हीं के बताए रास्तों पर चलने की जरूरत है। बच्चों ने सांता क्लॉज बनकर एक दूसरे को हैप्पी क्रिसमस डे की बधाई दी। वहीं बच्चों के बीच उपहार भी वितरित किया। कई बच्चों ने यीशु मसीह की याद में उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।