Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा।एक ही कांड संख्या पर दो-दो प्राथमिकी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, December 2, 2019

मधेपुरा।एक ही कांड संख्या पर दो-दो प्राथमिकी

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

मधेपुरा। मधेपुरा पुलिस अपने कारनामों से लगातार सुर्खियों में रहती है। चौसा व सिंहेश्वर थानाध्यक्ष का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि आलमनगर का नया मामला सामने आया है। यहां शराब के साथ पकड़े गए आरोपित को छोड़ दिया गया। जबकि गिरफ्तारी के बाद आवेदन भी बनाया गया। जब्ती सूची व कांड संख्या भी दर्ज किया गया। बाद में उसी कांड संख्या पर दूसरा केस दर्ज कर दिया गया। मामला खुलने पर पुलिस अधिकारी सकते में हैं। दरअसल आलमनगर थाना में 13 अक्टूबर को लगभग साढ़े पांच बजे संध्या आलमनगर उत्तरी पंचायत के कुर्मी टोला में शराब कारोबारी विकास कुमार पिता दयाराम मंडल को छह लीटर देसी महुआ शराब के साथ पकड़ कर थाना गया था। उसके बाद एएसआइ अमित कुमार हिमांशु ने आवेदन बनाया। आवेदन बनाने के बाद थानाध्यक्ष राजेश कुमार के द्वारा कांड संख्या 264 दर्ज किया गया। साथ ही एसआइ संजीव कुमार सिंह को जांच का जिम्मा दिया गया। वहीं अमित कुमार हिमांशु द्वारा जब्ती सूची तैयार कर गिरफ्तारी नामा बनाया गया। इसमें दो गवाह हरि मंडल एवं संजीव कुमार को बनाया गया। इसके बावजूद थाना से शराब कारोबारी को छोड़ दिया गया। मामला रफा दफा कर दिया गया। मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी चर्चा है। लोगों का कहना है कि ऐसी घटना के कारण ही शराब कारोबारियों का हौसला बुलंद है।

-----------------------------
-
एक ही कांड संख्या पर कैसे दर्ज हुआ दूसरा केस
आलमनगर में चर्चा है कि आखिर एक ही नंबर पर दो-दो केस कैसे दर्ज हुआ है। मामला खुलने के बाद पुलिस अधिकारी को जबाब देते नहीं बन रहा है। थानाध्यक्ष कहते है कि गलती से ऐसा हुआ है। अगर गलती से हुआ तो दूसरा नंबर क्या है। इसका जबाब नहीं दे पा रहे हैं। लोगों को कहना है कि पुलिस का यह कारनामा नया नहीं है। कई मामला है। लेकिन सामने नहीं आ पाता है।
-----------------------------
ब्रेथ एनालाइजर के डेटा से खुलेंगे और मामले
सूत्रों की मानें तो अगर ब्रेथ एनालाइजर से किए गए जांच का तीन माह का डेटा लिया जाय तो काफी मामला खुलासा होगा। पता चल जाएगा कि पकड़े गए कितने व्यक्ति ने अल्कोहल पिया था और कितने को जेल भेजा गया है।
--------------------------
एक ही नंबर पर दो-दो मामला उनकी गलती से हुआ है। गलती के कारण ही नंबर उन्होंने चढ़ा दी थी।
राजेश कुमार
थानाध्यक्ष
आलमनगर, मधेपुरा
--------------------------------
मामला वाटसएप पर मिला है। इसकी जांच कराई जाएगी। सत्यता पर कार्रवाई होगी।
संजय कुमार
एसपी, मधेपुरा