Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:अररिया-पूर्णिया फोरलेन पर हादसा, ऑटो और ट्रक की टक्कर में दो की मौत, पांच घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, December 12, 2019

बिहार:अररिया-पूर्णिया फोरलेन पर हादसा, ऑटो और ट्रक की टक्कर में दो की मौत, पांच घायल

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

अररिया-पूर्णिया फोरलेन पर बालू चौक के समीप गुरुवार की दोपहर ऑटो और ट्रक की टक्कर में ऑटो पर सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो मासूम और ऑटो चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 
मृतक और घायल एक ही परिवार के थे। मृतकों में रामपुर कोदरकट्टी पंचायत के फूलकुमार टोला वार्ड संख्या एक के रहने वाले अर्जुन कुमार मंडल और कटिहार जिला के कबैया के रहने वाले अंशु कुमार शामिल हैं जबकि घायलों में मृतक अर्जुन की पत्नी पूजा देवी, उनकी एक साल की बेटी तानिया परिधि कुमारी, अर्जुन का साला प्रभात कुमार और ऑटो चालक मो अफजल शामिल है।
मृतक रिश्ते में साला बहनोई थे। जानकारी अनुसार अर्जुन कुमार मंडल गांव के ही ऑटो रिजर्व कर सपरिवार चचेरी साली की शादी में शामिल होने के लिए कटिहार जाने के लिए ट्रेन पकड़ने के लिए कुसियारगांव रेलवे स्टेशन जा रहे थे। फोरलेन बालू चौक के पास पीछे से जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने धक्का मार दिया इससे मौके पर ही साला बहनोई की मौत हो गई जबकि परिवार के अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ऑटो के परखच्चे उड़ गये। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा और घटना के विरोध में फोरलेन जाम कर विरोध जताया। 
करीब दो घंटे बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जाम हटाया जा सका। इधर घटना की जानकारी के बाद डीएम वैद्यनाथ यादव, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शंभू कुमार, सदर एसडीओ रोजी कुमारी, एसडीपीओ केडी सिंह, अररिया सीओ अशोक कुमार सिंह ,सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल सदर अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली व घायलों का हालचाल जाना। एसडीओ ने  मृतक के परिजनों को तत्काल परिवारिक लाभ योजना के तहत 20 -20 हजार का चेक तत्काल देने की बात कही और आपदा प्रबंधन विभाग विभाग से मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान राशि देने का आश्वासन दिया।