कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। काशनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत पड़रिया गांव में मंगलवार की सुबह कालाबजारी के लिए केरोसीन तेल ले जा रहे जनवितरण विक्रेता के पुत्र समेत उसके सहयोगी को ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने एक गेलैन में करीब 15 लीटर केरोसीन तेल सहित मोटरसाइकिल को काशनगर ओपी पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी अनुसार पड़रिया गांव निवासी जनवितरण विक्रेता किशोरी पोद्दार का पुत्र अमित कुमार पौद्दार अपने सहयोगी कोपा पंचायत के पचाढ़ी गांव निवासी धर्मेंद्र शर्मा के साथ अपनी मोटरसाइकिल बीआर 19 के 6712 पर सवार होकर करीब 15 लीटर केरोसीन तेल की कालाबाजारी करने अन्यत्र जगह जा रहा था कि स्थानीय ग्रामीणों ने कालाबाजारी के लिए ले जा रहे तेल के साथ पकड़ लिया। जिसके बाद मौका देख डीलर के पुत्र सहित सहयोगी मोटरसाइकिल छोड़ फरार हो गये। जिसके बाद इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा सोनवर्षा आपूर्ति पदाधिकारी सह सीओ उपेन्द्र कुमार तिवारी तथा काशनगर ओपी पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर पहुँची काशनगर ओपी पुलिस द्वारा तेल व मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। इस बाबत सीओ सह एमओ उपेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा तेल पकड़े जाने की सूचना मिली है। आज हमारी ड्यूटी सिमरी बख्तियारपुर में है। जिस वजह से नहीं पहुंच पाया। आने के बाद छानबीन की जाएगी।
