कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
जिले के लोगों के लिए खुशखबरी है। 13 करोड़ की लागत से पटेल मैदान के समीप साउंडप्रूफ ऑडिटोरियम भवन बनकर तैयार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहरसा आगमन के दौरान इसका उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री जनवरी के प्रथम सप्ताह में सहरसा पहुंचेंगे। इस दौरान कई कार्यक्रमों में शिरकत करने के साथ-साथ करोड़ों की योजना का शिलान्यास व उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा बाल पर्यवेक्षण गृह, सिमरी व कहरा में बने बुनियादी केन्द्र का भी मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन किया जाएगा।
छह सौ लोगों को एक साथ बैठने वाले ऑडिटोरियम भवन का निर्माण 13 करोड़ की लागत से किया गया है। पूरा भवन एयर कंडीशन एवं फायर फाइटिंग बनाया गया है। हालांकि इस ऑटोडियम में अभी भी कई काम अधूरे हैं। जानकारी के अनुसार स्टेज लाइटिंग व साउंड सिस्टम सहित अन्य कार्य किया जाना है। इसके लिए लगभग एक करोड़ राशि खर्च की जाएगी। बिहार राज्य भवन निर्माण निगम द्वारा जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा। निगम के इंजीनियर के मुताबिक जनवरी में टेंडर निकाले जाने की संभावना है।
बाल पर्यवेक्षण गृह भवन नहीं हुआ हैंडओवर : समाज कल्याण विभाग की राशि से पुलिस लाइन में 50 बेड का पर्यवेक्षण गृह भवन दो वर्ष से बनकर तैयार है। लेकिन परिसर का विकास कार्य पूरा नहीं होने के कारण हैंडओवर अबतक नहीं हुआ है। इस भवन में अनाथ बच्चे रखे जाएंगे, जिन्हें सारी सुविधाएं दी जाएंगी।
खेल व व्यायामशाला भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में : स्टेडियम के आगे कला संस्कृति विभाग की राशि से खेल व व्यायामशाला भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। भवन निर्माण निगम के इंजीनियर के मुताबिक 22 फरवरी को इसे हैंडओवर किया जाएगा। साढ़े छह करोड़ की लागत से बन रहे इस भवन में जिम व योगा की सारी सुविधाएं होंगी। इस भवन में टेनिस खेलने की व्यवस्था रहेगी। बैठने के लिए फर्नीचर व अन्य सुविधाएं होंगी।
साढ़े तीन करोड़ की लागत से बनाया गया दो बुनियादी केंद्र : समाज कल्याण विभाग द्वारा साढ़े तीन करोड़ की लागत से कहरा व सिमरी बख्तियारपुर में बुनियादी केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र में वृद्ध लोगों को सभी तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। इस केन्द्र में इलाज, दिव्यांगों, वृद्धों को सर्टिफिकेट, फिजीयोथेरेपी सहित अन्य सुविधाएं दी जानी है।
