Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा:जर्जर एनएच 106 और बढ़ते अपराध के खिलाफ दिया धरना - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, December 31, 2019

मधेपुरा:जर्जर एनएच 106 और बढ़ते अपराध के खिलाफ दिया धरना

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर:

मधेपुरा। उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय के पटेल चौक पर मंगलवार को जर्जर एनएच 106 और बढ़ते अपराध के खिलाफ सर्वदलीय नेताओं ने धरना दिया। धरना कार्यक्रम की अगुवाई भाजपा नेता सह अधिवक्ता सुबोध  सिंह ने किया। धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोजद नेता जयप्रकाश सिंह ने कहा कि सूबे की सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गया है। दशकों से क्षेत्र के लोग जर्जर एनएच 106 पर जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। जर्जर सड़क के कारण हर रोज हादसा हो रहा है। पटना हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस सड़क को लेकर नराजगी जता चुके हैं। सरकार के मुखिया सड़क की समीक्षा करने मधेपुरा पहुंचते हैं। लेकिन सड़क निर्माण नहीं हो पाता है। वहीं अनुमंडल क्षेत्र में अपराध चरम पर है। पुलिस अपराध पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। उन्होंने धरना के माध्यम से सरकार प्रशासन को चेताया। कहा कि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने धरना कार्यक्रम के लिए अधिवक्ता सुबोध सिंह को साधुवाद दिया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष मंटू यादव और प्रदेश संयोजक अरविद कुमार सिंह ने कहा कि पिछले माह समीक्षा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा मधेपुरा में एनएच 106 और 107 का जायजा लिया गया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि एक महीने के अंदर एनएच को मोटरेबल कर चलने लायक बना दिया जाएगा। लेकिन सड़क का काम नहीं हो पाया। नेताओं ने सड़क को दुरुस्त करने और अपराध नियंत्रण की मांग की। पूर्व मुखिया लाल यादव और भाजपा मंडल अध्यक्ष सतनारायण पोद्दार ने कहा कि कम से कम एनएच 106 को उदाकिशुनगंज से अरार पुल तक तत्काल आवागमन योग्य बनाया जाए। साथ ही अनुमंडल अंतर्गत बढते आपराधिक घटना पर नियंत्रण किया जाए। राजद के वरिष्ठ नेता विकास चंद्र यादव ने कहा कि सुशासन की सरकार का प्रशासन पर से अंकुश बिल्कुल खत्म हो चुका है। मौके पर रमेश कुमार उर्फ जीतू यादव, दयानंद साह, रामप्रवेश राका, मनोज शाह, ललन कुमार सहित काफी संख्या में सर्वदलीय नेता और आमजन मौजूद थे।