कोशी लाइव_नई सोच नई खबर":
सारण। बिहार में शराबबंदी कानून लागू है, लेकिन शराब की तस्करी जारी है। एक ओर जहां तस्कर शराब की तस्करी के लिए नित नए तरीके ईजाद कर रहे हैं तो वहीं पुलिस भी शराब पीने वालों और तस्करों को गिरफ्तार कर हलकान हो रही है। लेकिन जब पुलिसवाले ही इस कानून उल्लंघन करते दिखते हैं तो हैरानी होती है। थाने से शराब गायब का मामला हो या चूहों पर शराब पीने का आरोप हो, ये मामले मीडिया की सुर्खियां बनते रहे हैं।
नया मामला छपरा जिले के रसूलपुर थाना परिसर की है जहां पुलिसकर्मियों के आवास का एसपी हरकिशोर राय ने बुधवार की तड़के औचक निरीक्षण किया। जांच के क्रम में हवलदार बासित खान के कमरे से छह बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गईं। एसपी के निर्देश पर हवलदार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
एसपी ने बताया कि शराब के धंधे पर नियंत्रण और पुलिसकर्मियों द्वारा शराब इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वह तड़के रसूलपुर थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने थाना परिसर स्थित पुलिसकर्मियों के आवास की जांच की। इस दौरान हवलदार के कमरे में छिपाकर रखी गईं शराब की छह बोतल बरामद की गईं।
हवलदार के कमरे में शराब कहां से आई और क्यों रखी गई थी, इसकी जांच की जा रही है। आशंका है कि हवलदार ने शराब या तो पीने के लिए रखी या फिर बेचने के लिए। हवलदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है।
बताते चलें कि थाने में शराब रखने वाले पुलिसकर्मियों को इसके पहले भी कई बार छापेमारी कर दबोचा गया है। इसके पहले मांझी थाना में भी मद्य निषेध विभाग ने छापेमारी की थी । सारण प्रमंडल के गोपालगंज के महम्मदपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष जब्त शराब बेचने के आरोप में जेल भेजे जा चुके हैं।
