कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
.....अक्की।
.....अक्की।
खगड़िया में अलौली पुलिस पर हथियार के साथ धराये बदमाश को भगाने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों ग्रामीणों ने मिडिल स्कूल चौराहे पर जाम लगा दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। हालांकि अलौली थानेदार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के समझाने बुझाने के बाद मामला शांत हुआ और करीब डेढ़ घंटे के बाद यातायात सेवा बहाल हो पाई।
सड़क जाम कर रहे आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को रौन पंचायत के वार्ड 5 के वार्ड सदस्य मो रब्बानी सात निश्चय योजना के तहत नल जल का बोरिंग गड़वा रहे थे। इसी बीच गांव का ही एक दबंग युवक आया और 50 हज़ार रुपये रंगदारी की मांग करने लगा। रब्बानी के विरोध जताने पर युवक ने देसी हथियार निकाल कर फायरिंग कर दी। हालांकि रब्बानी को गोली नही लगी। इस बीच रब्बानी और उसके भाई मो सोने ने उस बदमाश को देसी पिस्तौल के साथ दबोच लिया और घटना की जानकारी अलौली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन इसी बीच मौके का फायदा उठाकर युवक फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस की लापरवाही से बदमाश भाग गया।
जाम की सूचना पर अलौली थानाध्यक्ष संजय कुमार विश्वास, सरपंच प्रदीप शर्मा, पैक्स अध्यक्ष रविन्द्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किये लेकिन ग्रामीण घटनास्थल पर एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े थे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण शांत हुए। करीब डेढ़ घंटे के बाद पुनः यातायात बहाल हुआ। इधर सदर एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि पुलिस पर लगा आरोप गलत है। अब तक पीड़ित द्वारा बदमाश युवक के खिलाफ आवेदन नही दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। दोषी पर कड़ी कार्रवाई होगी।
