Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल: बड़ी राशि की निकासी में पुलिस का लें सहयोग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 5, 2019

सुपौल: बड़ी राशि की निकासी में पुलिस का लें सहयोग

कोशी लाइव:AKKY

थाना परिसर में गुरुवार को सीएसपी संचालक और फाइनेंस कम्पनियों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने की। थानाध्यक्ष ने कहा कि सभी संचालक अपना-अपना रूट चार्ट बना कर थाने को उपलब्ध करा दें, जिससे गश्ती दल को आपराधिक वारदातों पर लगाम लगाने में कार्य योजना सुनिश्चित करने में मदद मिल सके।
उन्होंने कहा कि अगर सभी प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाया जाता है तो उससे अपराधियों की पहचान के साथ छिनतई और साइबर अपराध में शामिल लोगों को चि्ह्तित करने में पुलिस को काफी मदद मिलेगी। उन्होंने प्रतिनिधियों से सीएसपी और फाइनेंस कंपनियों में सक्रिय बिचौलियों को भी चिन्हि्त करने की बात कही। थानाध्यक्ष ने कहा कि बड़ी राशि की निकासी में पुलिस का सहयोग लें।
उन्होंने सुझाव दिया कि एक दिशा के सभी संचालक सामूहिक रूप से बैंकों से राशि निकाल कर एक साथ चलें। थानाध्यक्ष ने कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए उपाय संबंधित निर्देश का बोर्ड भी जगह-जगह लगाएं। इसके जागरूकता से उपभोक्ता साइबर अपराध से बच सकेंगे।
उन्होंने उपस्थित सीएसपी और फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधियों से कहा कि वित्तीय लेनदेन के समय सावधानी बरतें। साथ ही एहतियात के तौर पर बरती जाने वाली सावधानियों का पालन करें।
बैठक में आम सहमति से हर महीने के 25 तारीख को सीएसपी और फाइनेंस कंपनी कर्मियों की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सीएसपी संचालक पवन यादव, अशोक कुमार, रंजीत कुमार, अमरेंद्र कुमार, राहुल कुमार, संजय भारती, दुर्गेश कुमार गुप्ता, सोनू कुमार शर्मा, राजेश कुमार भारती, विवेक कुमार, आशीष कुमार, गौतम दास आदि मौजूद थे।