कोशी लाइव_नई सोच नई खबर.
Akky.
Akky.
बिहार के मुजफ्फरपुर के रामदयालुनगर मोड़ के समीप एसबीआई की भिखनपुरा शाखा पर शुक्रवार को दिनदहाड़े धावा बोल छह हथियारबंद अपराधियों ने महज सात मिनट में 6.12 लाख रुपये व जेवर समेत आठ लाख की संपत्ति लूट ली। बैंक लूटकर भागते वक्त लूटेरों ने सभी बैंककर्मियों का झुककर प्रणाम किया और धन्यवाद दिया।
बैंक मैनेजर दिलीप कुमार गोस्वामी ने घटना की आंखों देखी बताते हुए कहा कि लूट के दौरान हमलोग दहशत में जी रहे थे। सभी बदमाश हथियार से लैस थे और विरोध करने वालों को मारने की धमकी भी दे रहे थे। मगर जाते वक्त उनका व्यवहार अजीब सा था। कह रहे थे ,सहयोग करने के लिए आप सबका धन्यवाद। इससे पहले बैंक मैनेजर, कर्मी व ग्राहकों को गन प्वाइंट पर बंधक बना घटना को अंजाम दिया। इसके बाद रुपये से भरा बैग लेकर दो बाइक सवार चार अपराधी कच्ची-पक्की और एक बाइक सवार दो अपराधी गोबरसही की ओर फरार हो गये।
बैंक मैनेजर दिलीप कुमार गोस्वामी ने बताया कि वह अपने चेंबर में काम कर रहे थे। दोपहर करीब एक बजकर 50 मिनट पर हेलमेट पहने एक अपराधी चेंबर में घुसा और पिस्टल तान दी। गन प्वाइंट पर लेकर चेंबर से बाहर लाया, जहां हाथापाई की और सोने की चेन और अंगूठी छीन ली। इसके बाद कैश मैनेजर दिनेश कुमार और सर्विस मैनेजर पीके राज को गन प्वाइंट पर लेकर चेस्ट गया, जहां रखी राशि लूट ली। इस बीच कैश मैनेजर ने विरोध किया तो पिस्टल की बट से सिर पर मारा। उन्हें चोट आयी है। फिलहाल, वह ठीक हैं। करीब एक बजकर 57 मिनट पर सभी अपराधी फरार हो गए।
