Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR :दारोगा ने घूस में ली थी चार किलो चांदी, एसपी ने कहा-सबको पहनाओ हथकड़ी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 5, 2019

BIHAR :दारोगा ने घूस में ली थी चार किलो चांदी, एसपी ने कहा-सबको पहनाओ हथकड़ी

कोशी लाइव:अक्की

सीतामढ़ी. एक दारोगा को घूसखोरी का अजब शौक था। वह घूस में सिर्फ चांदी वसूलता  था। आखिरकार ये बात पुलिस महकमे को पता चली तो दारोगा अपने चार सहयोगियों के साथ  गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने सबको गिरफ्तार करने और सबके खिलाफ एफआइआर दर्ज करने का आदेश दिया है। 
आभूषण कारोबारी से जबरन चार किलो चांदी लेने और भयादोहन करने के मामले में नगर थाने के एक दारोगा व पैंथर मोबाइल के तीन जवानों को बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया।  गिरफ्तार पुलिस कर्मियों में दारोगा अर्जुन राय, पैंथर मोबाइल के जवान गोपाल कुमार, पंकज कुमार और कमल कुमार शामिल हैं।
एसपी अनिल कुमार के निर्देश पर नगर थाने में चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताते चलें कि 31 अगस्त को दारोगा अर्जुन राय के नेतृत्व में पैंथर मोबाइल की टीम शहर का भ्रमण कर रही थी। इस दौरान पैंथर मोबाइल के जवान गोपाल कुमार ने शहर के कोट बाजार से आभूषण कारोबारी मुंबई निवासी सचिन दिलीप धारगे के भाई देवनाथ धारगे और अक्षय धारगे को 12 किलो चांदी के साथ पकड़ लिया।
 
गोपाल उनको थाने के बजाए रिंग बांध  पीली कुटी स्थित मंदिर में ले गया। जहां उनका भयादोहन किया। कुछ देर बाद दारोगा और अन्य जवान भी वहां पहुंच गए। घंटों धमकाने के बाद दारोगा और जवानों ने धारगे बंधुओं से  चार किलो चांदी बतौर नजराना ले लिया। साथ ही आगे कारोबार करने के लिए नजराना देने की धमकी दी।
 
बाद में दारोगा समेत पुलिस कर्मियों ने एक-एक किलो चांदी आपस में बांट लिया। मुंबई के रहने वाले सचिन दिलीप धारगे का पूरा परिवार वर्षों से शहर के शंकर डेयरी गली में रह कर चांदी साफ करने का काम करता है। सोनापट्टी के आभूषण दुकानदार से वे चांदी लेते हैं, जिसे साफ करते हैं। एक किलो चांदी की सफाई के बदले उन्हें पांच सौ रुपये मिलता है।
 
कारोबारी के भाई उक्त चांदी दुकानदारों से लेकर अपने आवास की ओर जा रहे थे, इसी क्रम में पकड़े गए।  इधर, कारोबारी सचिन दिलीप धारगे ने सीएम नीतीश कुमार, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय और एसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। पुलिस मुख्यालय ने एसपी को मामले की जांच और कार्रवाई का आदेश दिया था।
 
एसपी ने दो दिनों पूर्व सचिन दिलीप धारगे और उनके भाइयों को अपने कार्यालय में बुला कर घटना की जानकारी ली थी। साथ ही दारोगा और जवानों की पहचान कराई थी। इसके बाद बुधवार की रात एसपी कुमार नगर थाना पहुंचे। चारों पुलिस कर्मियों को बुला कर वारदात की बाबत जानकारी ली।
 
एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने दारोगा और जवानों के आवास पर छापेमारी कर चार किलो चांदी बरामद कर लिया। इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर  उनके खिलाफ नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।