कोशी लाइव_नई सोच नई खबर:
अक्की:
अक्की:
सुपौल के जदिया में एनएच 327 ई पर तमकुलहा पुल के पास एक अज्ञात वाहन की ठोकर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। घटना रविवार की रात की है।
बताया जाता है कि त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के पथरा गोरधैय पंचायत के वार्ड एक निवासी सियाराम ऋषिदेव(37 वर्ष) अपने किसी रिश्तेदार के यहां आए थे। रविवार की रात को वे अपने घर साइकिल से लौट रहे थे। तमकुलहा पुल के पास जदिया की ओर आ रहे एक चार चक्के वाहन की ठोकर से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये और उसकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। चार चक्का वाहन सुनसान जगह के कारण भाग निकला।
सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े मृतक को देख कर धीरे-धीरे लोगों की भीड़ जमा हो गई और तकरीबन आधे घंटे तक आवागमन अवरुद्ध हो गया। बाद में सूचना पाकर जदिया पुलिस ने उसे आनन-फानन में थाना की जीप से त्रिवेणीगंज अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद सुपौल रेफर कर दिया। सुपौल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया । थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम समेत आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
