Kosi Live-कोशी लाइव बिहार :पहले AK 47 लहराते वीडियो हुआ वायरल, फिर दूसरा वीडियो वायरल कर दी सफाई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, August 30, 2019

बिहार :पहले AK 47 लहराते वीडियो हुआ वायरल, फिर दूसरा वीडियो वायरल कर दी सफाई

कोशी लाइव:अक्की
BY:कशिश न्यूज़
बाढ़: गुरुवार को एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक शख्स अपने हाथों में दो एके 47 लहराता दिख रहा है। वीडियो वायरल होते ही पूरे बिहार में सनसनी फैल गई। आज फिर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वही शख्स एके 47 के बारे में सफाई देता हुआ दिख रहा है। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति ने कहा कि पहले वाले वीडियो में दिख रहा एके 47 प्लास्टिक का है। हालांकि आज दूसरा वीडियो वायरल होने के बाद बाढ़ पुलिस विवेका पहलवान के घर छापेमारी करने पहुंची है। बताया जा रहा है कि एके-47 मामले में पुलिस छापेमारी कर रही है।
वीडियो में दिख रहा घर विवेका पहलवान का
अनंत सिंह के घर से एके 47 मिलने के बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि हथियार उनका नहीं है और उनको फंसाने के लिए उनके घर पर विवेका पहलवान ने हथियार रखवाए थे। अनंत सिंह के आरोपों में कितनी सच्चाई है यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा, लेकिन गुरुवार को वायरल वीडियो में दिख रहा घर अनंत सिंह के धुर विरोधी विवेका पहलवान का है और वीडियो में दिख रहा शख्स विकी कुमार फुलेलपुर गांव का रहने वाला है और विवेका पहलवान का ही शागिर्द है।
हथियार को बताया प्लास्टिक का बना
आज जारी हुए वीडियो में विकी ने अपने आप को निर्दोष बताया और अनंत सिंह पर फंसाने का आरोप लगाया है। विकी ने वीडियो में दिख रहे हथियार को प्लास्टिक का बना बताया है। अब यह पुलिस के ऊपर है कि वह प्लास्टिक के बने एके-47 को बरामद कर उसे वीडियो में दिख रहे हथियार से मिलान करे।
प्रशासन की दोतरफा नीति
वीडियो वायरल होने के बाद बिहार पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहा है कि अपराधियों के मामले में एकतरफा कार्रवाई क्यों की जा रही है। यदि एके-47 मिलने के बाद अनंत सिंह के ऊपर आर्म्स एक्ट में कार्रवाई हो सकती है तो विवेका पहलवान के घर पर एके-47 होने पर कार्रवाई कब होगी। वीडियो में देखें कैसे ए के-47 को बताया प्लास्टिक का...