Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल:शादी के 15 दिन भी नहीं पूरे, ट्रैक्टर से बाईक की हुई जबरदस्त टक्कर, सजनी को छोड़ गए साजन। - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 16, 2019

सुपौल:शादी के 15 दिन भी नहीं पूरे, ट्रैक्टर से बाईक की हुई जबरदस्त टक्कर, सजनी को छोड़ गए साजन।

कोशी लाइव:अक्की

सुपौल। सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग के कटैया रही गांव के समीप एनएच 327 ई. पर बुधवार की रात ट्रैक्टर और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कटैया रही निवासी अजय मंडल का 21 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार और जनार्दन मंडल का 17 वर्षीय पुत्र मोहितराज अपने यामाहा आरवन फाइव मोटरसाइकिल से घर से निर्मली चौक जा रहा था कि जैसे ही कटैया रही के समीप पहुंचा कि उसी दौरान सुपौल से आ रहे एक ट्रैक्टर की सामने से भिड़ंत हो गई। कहते हैं कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं हिमांशु कुमार का सिर फट गया और मोटरसाइकिल पर सवार उसके चचेरे भाई मोहितराज गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर वहां से फरार हो गया। इसी बीच घटना के चंद मिनट बाद पुलिस की रात्रि गश्ती गाड़ी उस दिशा से गुजर रही थी कि जैसे ही पुलिस वालों की नजर सड़क पर गिरे दोनों युवक व मोटरसाइकिल पर पड़ी। उन्होंने रुककर दोनों युवकों को गाड़ी पर बैठाकर सुपौल सदर अस्पताल पहुंचाया और घटना के बारे में उसके परिजनों को जानकारी दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजन सदर अस्पताल सुपौल पहुंचे तो प्राथमिक उपचार के बाद हिमांशु की गंभीर स्थिति को देखकर उन्हें अन्यत्र रेफर कर दिया। बेहतर इलाज के लिए जाने के क्रम में ही उसने दम तोड़ दिया। जबकि मोहितराज का इलाज फिलहाल पूर्णिया में चल रहा है। हिमांशु की मौत के बाद गुरुवार को उसका शव पोस्टमार्टम कराकर कटैया ले जाया गया। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। मां के हृदयविदारक चित्कार से पूरा वातावरण गमगीन हो गया। बार-बार पिता की आंखों से आंसू छलक रहे थे। पत्नी की चीख-पुकार और उनकी बेहोशी की हालत ऐसी कि मानो पहाड़ ही टूटकर गिर गया हो। आखिर हो भी क्यों नहीं, शादी के 15 दिन पूरे भी नहीं हुए थे। लड़की के हाथ की मेहंदी का रंग अभी फीका नहीं पड़ा था कि पति दुनिया छोड़कर चले गए।