Kosi Live-कोशी लाइव बिहार नहीं थम रहीं हत्याएं, 24 घंटे में 4 मर्डर, बेगूसराय में पुलिस जीप गड्ढे में पलटी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 5, 2019

बिहार नहीं थम रहीं हत्याएं, 24 घंटे में 4 मर्डर, बेगूसराय में पुलिस जीप गड्ढे में पलटी

कोशी लाइव:अक्की

बिहार में हत्या की घटनाएं नहीं थम रही हैं। पिछले 24 घंटे में बिहार के विभिन्न जिलों में 4 हत्याएं हो चुकी हैं। औरंगाबाद में तो अपराधियों ने घर में घुसकर महिला के सिर में गोली मार दी। वहीं बेगूसराय में 22 साल के युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। हत्या के विरोध में गुस्साए लोगों ने पुलिस की जीप को गड्ढे में पलट दिया। इसी तरह जमुई किसान व कटिहार में बुजुर्ग की हत्या कर दी गई है। 
बेगूसराय में युवक की हत्या 
दरअसल बेगूसराय में सिंघौल थाना क्षेत्र में लोग उस समय काफी आक्रोशित हो गए, जब डुमरी वार्ड नंबर 6 के मोसन टोल बहियार में 22 साल के युवक का शव पेड़ से लटके हुए देखा। सूचना पाकर ग्रामीणों के साथ ही पुलिस भी पहुंच गयी।  गुस्साए लोगों ने पुलिस जीप को गड्ढे में पलट दिया। हालांकि पुलिस ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। युवक की पहचान रामदीरी नकटी टोल निवासी महेश पासवान के पुत्र रिकेश कुमार के रूप में हुई है। 
औरंगाबाद में महिला का मर्डर 
उधर औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने 25 साल की महिला संगीता देवी की हत्या कर दी। पीपरा गांव में देर रात अज्ञात अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। बताया जाता है कि अजय पाठक की पत्नी संगीता पूरे परिवार के साथ घर में सोई हुई थी, तभी कुछ अपराधी आ धमके और घर का दरवाजा खुलवाया तथा घटना को अंजाम दिया। सिर में गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। 
जमुई में किसान को मार डाला 
जमुई में मंगलवार को अपराधियों ने किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जाता है कि काकन गांव में किसान गोरेलाल मेहता ट्रैक्टर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मुसहरी के समीप अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी। घटना की खबर पाकर मृतक किसान के घर में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 
कटिहार में हत्या के बाद शव को एसिड से जलाया 
क​टिहार के मनसाही थाना क्षेत्र में बदमाशों ने बुजुर्ग ओमप्रकाश झा की हत्या कर दी। सूत्रों की मानें तो हत्या कर बदमाशों ने शव के चेहरे को एसिड से जलाने की कोशिश की। बाद में शव को बदमाशों ने पेड़ से लटका दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।