Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा: प्रशासन ने ली गरीबों की सुधि डीएम ने देर रात बांटे कंबल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, January 6, 2019

सहरसा: प्रशासन ने ली गरीबों की सुधि डीएम ने देर रात बांटे कंबल

कोशी लाइव:AKKY

सहरसा: ठंड का प्रकोप बढ़ते ही जिला प्रशासन ने अपनी संवेदनशीलता दिखाई। शनिवार की देर रात जिलाधिकारी शैलजा शर्मा स्वयं अधिकारियों के साथ शहर भ्रमण पर निकल पड़ी। इस क्रम में उन्होंने स्टेशन, रैन बसेरा, शंकर चौक, महावीर चौक आदि जगहों पर गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया। उन्होंने अधिकारियों को निदेश दिया कि जो सबसे अधिक जरूरतमंद है, उसे प्राथमिकता के आधार पर कंबल वितरण किया जाए।
उल्लेखनीय है कि जिले में गरीबों की संख्या की तुलना में सरकार ने काफी कम आवंटन उपलब्ध कराया गया है। जिला प्रशासन को कंबल खरीद के लिए महज तीन लाख 80 हजार का आवंटन प्राप्त हुआ, जिससे पांच सौ 58 कंबल का खरीद किया गया है। इसमें सभी प्रखंडों को तीस- तीस कंबल दिया गया है, जबकि नगरीय क्षेत्र के लोगों के लिए सदर अनुमंडल को 80 और सिमरीबख्तियारपुर अनुमंडल को 70 कंबल दिया गया है। इसके अलावा भिक्षुकों व अन्य गरीबों के लिए सामाजिक सुरक्षा कोषांग में 108 कंबल सुरक्षित रखा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ठंड बढ़ते ही चौक-चौराहे पर अलाव का भी प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमलोगों के जीवन की रक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है। मौके पर नजारत उप समाहर्ता अनिल पांडेय, सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक भाष्कर प्रियदर्शी आदि मौजूद रहे।