कोशी लाइव:
संवाद सूत्र, मधेपुरा : मधेपुरा। बीएन मंडल विश्वविद्यालय में आगामी 23 दिसंबर को दीक्षांत समारोह का आयोजन हो रहा है। इसकी अध्यक्षता कुलाधिपति सह राज्यपाल लालजी टंडन करेंगे। राज्यपाल के मधेपुरा आगमन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सभी प्रकार की तैयारियां की जा रही है। मंगलवार को जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला, एसपी संजय कुमार, सदर एसडीओ वृंदालाल व एसडीपीओ वसी अहमद ने आयोजन स्थल का जायजा लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के बीच तैयारियों को लेकर संयुक्त रणनीति बनाई गई। सभी पदाधिकारियों एवं अधिकारियों ने महामहिम के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महामहिम राज्यपाल के अल्पावधि विश्राम स्थल, मंच, पार्किंग स्थल आदि का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि आयोजन स्थल एवं पार्किंग स्थल सहित सभी प्रमुख जगहों पर पर्याप्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा और हर एक गतिविधियों की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। इस अवसर पर कुलपति डॉ. अवध किशोर राय ने कहा कि विश्वविद्यालय को मधेपुरा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का हमेशा सक्रिय सहयोग मिलता रहा है और उन्हें विश्वास है कि आगे भी सहयोग मिलता रहेगा। मैाके पर कुलसचिव कर्नल नीरज कुमार, सामाजिक विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ. शिवमुनि यादव, पीआरओ डॉ. सुधांशु शेखर, कुलपति के निजी सहायक शंभू नारायण यादव आदि उपस्थित थे।
----------------------------
संत अवध मैदान पर उतरेगा राज्यपाल का हेलिकॉप्टर :
राज्यपाल के आगमन को लेकर पार्किंग व हैलीपेड का जगह चयनित स्थल पर बनाया जा रहा है। संत अवध कीर्ति खेल मैदान पर हैलीपेड का निर्माण कार्य जारी है। वहीं दीक्षांत समारोह के दौरान वाहनों का पार्किंग स्थल गौशाला परिसर में बनाया गया है। जहां केवल पासधारी वाहन ही प्रवेश करेंगे। दीक्षांत समारोह के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम रहेगा। कार्यक्रम के लिए मंच का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। विवि में 18 दिसंबर से 22 दिसंबर तक केवल अति आवश्यक कार्यालय कार्य ही किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य सभी बंद रहेंगे। इस संबंध में विवि की ओर से अधिसूचना जारी कर दिया गया है।

