मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को पीएनजी (PNG) गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। हादसा सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी इलाके में करीब दोपहर 12 बजे हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 3 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट के कारण आसपास के मकानों और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
हादसे में मृतक की पहचान निवास सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कोचिंग संचालक थे। सोमवार को वह स्कूटी से सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस पाइपलाइन में विस्फोट हो गया और वह इसकी चपेट में आ गए। धमाके में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चार लोग घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस हादसे में मुकेश कुमार (20), सोनम कुमारी, मोहम्मद अयान (17) और रुकसाना खातून (40) के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
चार मंजिला इमारत क्षतिग्रस्त, घरों के शीशे टूटे
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास के दर्जनों घरों और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। एक चार मंजिला इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, धमाके के प्रभाव से करीब 100 मीटर के दायरे में स्थित कई मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। धमाके की आवाज करीब तीन किलोमीटर तक सुनाई दी।
पाइपलाइन के पास चल रहा था जेसीबी से काम
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटनास्थल के पास पीएनजी गैस पाइपलाइन के नजदीक जेसीबी मशीन से काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। आशंका जताई जा रही है कि पाइपलाइन में रिसाव के कारण गैस जमा हुई होगी और किसी वजह से उसमें विस्फोट हो गया।
हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने के साथ-साथ इमारतों और वाहनों को हुए नुकसान ने गैस पाइपलाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घटना के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।