किशनगंज से पश्चिम बंगाल तक फैला था प्रतिबंधित कफ सिरप का कारोबार, 33.21 लाख रुपये की खेप बरामद; दवा व्यवसायी चंदन पोद्दार का नाम भी आया सामने
बिहार के किशनगंज से जुड़े प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार का पश्चिम बंगाल में बड़ा खुलासा हुआ है। उत्तर दिनाजपुर जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र के रामपुर में पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 17,390 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है। जब्त कफ सिरप की कुल मात्रा 1,739 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 33 लाख 21 हजार 490 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशनगंज के एक दवा व्यवसायी ने पश्चिम बंगाल के रामपुर में दवा दुकान और गोदाम किराये पर लेकर प्रतिबंधित कफ सिरप का कारोबार संचालित कर रखा था। दुकान और गोदाम की आड़ में बड़े पैमाने पर इस प्रतिबंधित सिरप का भंडारण और आपूर्ति किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
छह आरोपी गिरफ्तार, किशनगंज के पांच लोग शामिल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशनगंज के चुड़ीपट्टी वार्ड संख्या-15 निवासी मो. मुन्ना (23), टेकना वार्ड संख्या-2 निवासी सोहराब अली (27), खगड़ा पासवान टोला वार्ड संख्या-32 निवासी अर्जुन पासवान (20), खगड़ा मछमारा वार्ड संख्या-33 निवासी रोशन कुमार (19), खगड़ा मछमारा वार्ड संख्या-31 निवासी अजय कुमार पोद्दार (30) और पश्चिम बंगाल के उत्तर रामपुर निवासी तपन दास (48) के रूप में हुई है।
वहीं, इस मामले में किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के माछमारा निवासी दवा व्यवसायी चंदन पोद्दार का नाम भी सामने आया है। पुलिस अब उनकी भूमिका और इस पूरे कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।
विजय फार्मा के गोदाम में संयुक्त छापेमारी
जानकारी के अनुसार, इस्लामपुर पुलिस जिले की एंटी क्राइम ब्रांच, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और चाकुलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रामपुर स्थित विजय फार्मा के गोदाम में छापेमारी की। इस दौरान गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में यह बात सामने आई है कि रामपुर में दुकान और गोदाम को किराये पर लेकर इस कारोबार को संचालित किया जा रहा था।
बिहार और बंगाल के कई इलाकों में सप्लाई की आशंका
पुलिस को आशंका है कि रामपुर स्थित गोदाम से प्रतिबंधित कफ सिरप की आपूर्ति बिहार और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में की जाती थी। अब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कफ सिरप की इतनी बड़ी खेप कहां से मंगाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि किशनगंज के दवा व्यवसायी ने यह अवैध कारोबार कब से शुरू किया था और इस नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका थी।
बड़े तस्करी नेटवर्क की तलाश में पुलिस
डालखोला के एसडीपीओ चैतन्य खेमानी के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस प्रतिबंधित कफ सिरप की खरीद-बिक्री, भंडारण और सप्लाई से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आशंका है कि इस कारोबार के पीछे एक बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
फिलहाल छह आरोपियों की गिरफ्तारी और 17,390 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप की बरामदगी के बाद पुलिस इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों तक पहुंचने में जुटी है। किशनगंज से लेकर पश्चिम बंगाल तक फैले इस कथित अवैध कारोबार के खुलासे से दवा कारोबार से जुड़े लोगों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है।
Kosi Live की रिपोर्ट