फुलवारीशरीफ (पटना)। बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ थाने में पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत से रिश्वत लेकर स्मैक बेचने के आरोप में पकड़े गए दो आरोपियों को छोड़ने का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों आरोपियों को थाने से छोड़ने के लिए 6 लाख रुपये की डील हुई थी। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अब तक आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, जबकि एक सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 उमेश्वर चौधरी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फुलवारीशरीफ थाना प्रभारी गुलाम शहबाज आलम की भूमिका भी जांच के दायरे में है। उनसे भी पूछताछ की जाएगी।
आठ पुलिसकर्मी निलंबित, एक सिपाही गिरफ्तार
इस मामले में तत्कालीन अपर थानाध्यक्ष एवं पुलिस अवर निरीक्षक दिवाकर प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक नारद मुनि सिंह, आकाश कुमार, पवन कुमार और रितेश कुमार के अलावा तत्कालीन मुंशी साबिर आलम तथा सिपाही आनंद कुमार और शुभम कुमार को निलंबित किया गया है।
इनमें सिपाही आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूछताछ के दौरान आनंद कुमार ने कथित तौर पर पूरे मामले में पैसे के लेन-देन और पुलिसकर्मियों की भूमिका से जुड़ी जानकारी दी है।
दो आरोपियों को छोड़ने के लिए 6 लाख रुपये की डील
जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे फुलवारीशरीफ पुलिस ने आफताब आलम और मोहम्मद अहसान को स्मैक बेचने के आरोप में पकड़ा था। इसके बाद दोनों को थाने से छोड़ने के लिए कथित तौर पर 6 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
आरोप है कि नवाब और मुकर्रम के माध्यम से यह रकम पुलिसकर्मियों तक पहुंचाई गई। दोनों आरोपियों के परिजनों से पहले 12 लाख रुपये की मांग की गई थी, लेकिन बाद में 6 लाख रुपये में मामला तय हुआ।
सिपाही के बयान पर रिश्वत के बंटवारे का खुलासा
गिरफ्तार सिपाही आनंद कुमार के बयान के मुताबिक, मुकर्रम 6 लाख रुपये लेकर आया था। आनंद कुमार ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये अपने पास रखे और बाकी 5.5 लाख रुपये पुलिस अवर निरीक्षक आकाश कुमार के कमरे में पहुंचा दिए।
बताया गया कि आकाश कुमार ने रकम का बंटवारा बाद में सभी की सहमति से करने की बात कही थी। बाद में आनंद कुमार के हिस्से में 45 हजार रुपये आए, जिसमें से उसने सिपाही शुभम कुमार को 22,500 रुपये दिए जाने की बात सामने आई है।
आनंद कुमार ने रिश्वत की रकम अपने मकान मालिक देवेंद्र सिंह के घर छिपाकर रखी थी। पुलिस की विशेष टीम ने उसकी निशानदेही पर मकान से 95 हजार रुपये बरामद किए हैं।
थाने के रिकॉर्ड में नहीं की गई जब्त सामान की एंट्री
जांच में एक और गंभीर बात सामने आई है। बताया गया है कि आरोपियों से जब्त सामान को थाने के मालखाने में रखा गया था, लेकिन इसकी विधिवत प्रविष्टि थाने की सनहा या दैनिक डायरी में नहीं की गई थी।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दिए बिना अपनी मर्जी से कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को थाने से छोड़ दिया। इस पूरे मामले में साक्ष्य छिपाने और आपसी मिलीभगत की आशंका की भी जांच की जा रही है।
कई पुलिस अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध
जांच में तत्कालीन अपर थानाध्यक्ष दिवाकर प्रसाद की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उस समय थाना प्रभारी गुलाम शहबाज आलम छुट्टी पर थे और थाने की जिम्मेदारी दिवाकर प्रसाद संभाल रहे थे।
इसके अलावा छापेमारी दल के नेतृत्वकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक नारद मुनि सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक आकाश कुमार, पवन कुमार और रितेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
बताया गया है कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने अपने वरीय अधिकारी एएसपी नारायण उपाध्याय को भी पूरे मामले की जानकारी नहीं दी थी।
मोबाइल कॉल डिटेल और CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच कर रहे एएसपी उमेश्वर चौधरी ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। इसमें संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जांच की शुरुआत गिरफ्तार सिपाही आनंद कुमार के कॉल डिटेल से की जाएगी। इसके बाद पैसे के लेन-देन में शामिल अन्य लोगों और पुलिसकर्मियों के संपर्कों की पड़ताल की जाएगी। थाना प्रभारी गुलाम शहबाज आलम से भी पूछताछ की जाएगी।
कोर्ट में सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय में सौंपी जाएगी। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच में जिन पुलिसकर्मियों की संलिप्तता प्रमाणित होगी, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था में भ्रष्टाचार और नशे के कारोबार से जुड़े मामलों में कथित मिलीभगत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Kosi Live की रिपोर्ट