Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:भागलपुर में दारोगा की मौत मामले में पत्नी गिरफ्तार, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप; पूछताछ में जुर्म कबूलने का पुलिस का दावा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 19, 2026

BIHAR:भागलपुर में दारोगा की मौत मामले में पत्नी गिरफ्तार, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप; पूछताछ में जुर्म कबूलने का पुलिस का दावा

भागलपुर में दारोगा की मौत मामले में पत्नी गिरफ्तार, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप; पूछताछ में जुर्म कबूलने का पुलिस का दावा

भागलपुर। बिहार के नवगछिया में दारोगा योगेश कुमार की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी पत्नी गुड़िया कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र के छिट मकंदपुर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया। उन पर पति को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान गुड़िया कुमारी ने अपना जुर्म कबूल किया है।

पटना सचिवालय में कार्यरत हैं गुड़िया कुमारी

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार गुड़िया कुमारी पटना सचिवालय में कार्यरत हैं। नवगछिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच के दौरान गुड़िया कुमारी की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

मृतक दारोगा के पिता के बयान पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी

बताया जाता है कि दारोगा योगेश कुमार की मौत के बाद उनके पिता रामकृष्ण साह ने नवगछिया थाने में अपनी बहू गुड़िया देवी के खिलाफ आवेदन दिया था। उन्होंने बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने और घटना में उनकी संलिप्तता का आरोप लगाया था।

पिता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने गुड़िया कुमारी को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले के अन्य सभी पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला था दारोगा का शव

नवगछिया न्यू पुलिस लाइन में पदस्थापित दारोगा योगेश कुमार का शव 24 अक्टूबर को उनके सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला था। योगेश कुमार एएसआई के पद से पदोन्नति पाकर दारोगा बने थे।

जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन शनिवार को करीब साढ़े चार बजे वह पानी की टंकी बंद करने गए थे। वहां से लौटने के बाद अपने कमरे में चले गए। बाद में उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।

घटना से एक दिन पहले पटना लौटी थीं पत्नी

बताया जाता है कि दुर्गा पूजा के दौरान गुड़िया कुमारी नवगछिया आई थीं। इस दौरान उन्होंने पति के साथ विभिन्न स्थानों पर घूमकर पूजा-अर्चना भी की थी। घटना से एक दिन पहले वह वापस पटना लौट गई थीं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पत्नी की गिरफ्तारी और पुलिस के दावों के बीच अब जांच के निष्कर्ष पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Kosi Live की रिपोर्ट।