सीतामढ़ी। हत्या के एक मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने बोखड़ा थानाध्यक्ष ललन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और उसके कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के बाद भी निर्धारित समय पर आरोप पत्र दाखिल नहीं किया गया। इसी वजह से आरोपी को जमानत मिलने की बात सामने आई है।
मामला नानपुर थाना कांड संख्या 318/2024 से जुड़ा है। इस मामले में 8 जुलाई 2024 को विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मृतक मतीबर रहमान की पत्नी और मामले की वादिनी रबिना खातून ने 26 नवंबर 2026 को एसपी अमित रंजन को आवेदन देकर तत्कालीन जांच अधिकारी ललन कुमार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था।
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर की थी शिकायत
वादिनी रबिना खातून के आवेदन के मुताबिक, मामले के आरोपी अंजाार अहमद की गिरफ्तारी नहीं की जा रही थी। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पहले भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी।
शिकायत के बाद जांच अधिकारी को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, वादिनी ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच अधिकारी से मिलने के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
कोर्ट में आत्मसमर्पण के बाद भी चार्जशीट में देरी
मामले में आरोपी अंजाार अहमद ने 28 जुलाई 2026 को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बावजूद जांच अधिकारी की ओर से समय पर आरोप पत्र दाखिल नहीं किया गया। बताया गया है कि चार्जशीट दाखिल करने में हुई देरी के कारण आरोपी को जमानत मिल गई।
पुलिस रिकॉर्ड की समीक्षा में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ 18 जनवरी 2026 को ही इश्तेहार प्राप्त हो चुका था। इसके बावजूद गिरफ्तारी या कुर्की की कार्रवाई नहीं की गई थी।
एसपी ने थानाध्यक्ष को किया निलंबित
मामले में जांच और कार्रवाई की समीक्षा के बाद एसपी अमित रंजन ने बोखड़ा थानाध्यक्ष ललन कुमार को लापरवाही, अनुशासनहीनता और कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि के दौरान ललन कुमार का मुख्यालय पुलिस केंद्र निर्धारित किया गया है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को हत्या जैसे गंभीर मामले में जांच और कानूनी प्रक्रिया में लापरवाही के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा है।
Kosi Live की रिपोर्ट