पटना विकास भवन में निगरानी की कार्रवाई, 4 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रशाखा पदाधिकारी गिरफ्तार
पटना। बिहार की राजधानी पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विकास भवन स्थित नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यालय में छापेमारी कर प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी उनके कार्यालय के प्रथम तल से की गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पदाधिकारी ने एक कर्मचारी के बकाया वेतन भुगतान से संबंधित पत्र जारी करने के एवज में 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में 4 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने पूरे मामले की जांच की और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ लिया।
बकाया वेतन भुगतान के लिए मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के मुताबिक, केपीएमसी के एक मुंशी ने अंतर राशि के वेतन भुगतान को लेकर आवेदन दिया था। बताया गया है कि संबंधित कर्मचारी ने नौकरी से इस्तीफा देने के बाद अपनी लंबित राशि के भुगतान के लिए प्रक्रिया पूरी कराने की कोशिश की थी।
इस मामले में नगर परिषद झाझा को आदेश या पत्र जारी किया जाना था। आरोप है कि प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन ने पत्र निर्गत करने के बदले 5 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में रिश्वत की रकम 4 हजार रुपये तय हुई।
निगरानी टीम ने रंगेहाथ किया गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने कार्रवाई की। जैसे ही राजीव रंजन ने शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपये रिश्वत ली, निगरानी की टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
कार्यालय में हुई इस कार्रवाई से विभागीय कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। गिरफ्तार पदाधिकारी को निगरानी विभाग की टीम अपने साथ ले गई।
निगरानी डीएसपी ने दी जानकारी
निगरानी डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित केपीएमसी मुंशी की ओर से उनके खिलाफ आवेदन दिया गया था।
डीएसपी के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इस्तीफा देने के बाद लंबित राशि का भुगतान कराने के लिए नगर परिषद झाझा को आदेश निर्गत करने के एवज में रुपये की मांग की गई थी। इसी शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने कार्रवाई की।
फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Kosi Live की रिपोर्ट