Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:सस्पेंड होते ही फरार प्रशिक्षु दरोगा की तलाश तेज, यौन शोषण, गर्भपात और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, November 20, 2026

BIHAR NEWS:सस्पेंड होते ही फरार प्रशिक्षु दरोगा की तलाश तेज, यौन शोषण, गर्भपात और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप

दरभंगा में युवती से यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के आरोपी प्रशिक्षु दरोगा की तलाश तेज, गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी

दरभंगा: शादी का झांसा देकर नौ महीने तक युवती का यौन शोषण करने, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और 30 लाख रुपये मांगने के आरोपों से घिरे प्रशिक्षु दरोगा नीतीश कुमार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एसएसपी के आदेश पर निलंबित किए जाने के बाद महिला थाना पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी के घर समेत उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, लेकिन वह अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

न्यायालय में दर्ज कराया गया पीड़िता का बयान

मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। पीड़िता का न्यायालय में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 183 के तहत बयान दर्ज कराया गया है। प्रभारी महिला थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी के अनुसार, न्यायालय और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।

नौ महीने तक शोषण और ब्लैकमेलिंग का आरोप

जानकारी के अनुसार, सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने 17 नवंबर को महिला थाना में कांड संख्या 202/26 दर्ज कराया था। प्राथमिकी में केवटी थाना में पदस्थापित प्रशिक्षु दरोगा नीतीश कुमार पर मंदिर में शादी करने का भरोसा देकर करीब नौ महीने तक अलग-अलग होटलों में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया गया है। युवती का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए।

पीड़िता के मुताबिक, जब उसने आरोपी पर सामाजिक रूप से शादी करने का दबाव बनाया तो उसने कथित तौर पर 30 लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी गई। युवती को यह जानकारी भी मिली थी कि आरोपी की नवंबर महीने में किसी दूसरी लड़की से सगाई होने वाली है।

एसएसपी के आदेश पर प्रशिक्षु दरोगा निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जाला रेड्डी ने आरोपी प्रशिक्षु दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद से महिला थाना पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पीड़िता का न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद अब पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और आरोपी को गिरफ्तार करने में जुटी है।

कोशी लाइव की रिपोर्ट