समस्तीपुर पुलिस में शोक की लहर: महिला सिपाही रेशम कुमारी का पटना में इलाज के दौरान निधन
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर पुलिस महकमे से दुखद खबर सामने आई है। जिले के बंगरा थाना में प्रतिनियुक्त महिला सिपाही रेशम कुमारी (950) का रविवार देर रात पटना के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत महिला सिपाही मूल रूप से भागलपुर जिले के नाथनगर स्थित तुलसी मिश्रा लेन की रहने वाली थीं।
जानकारी के अनुसार, रेशम कुमारी समस्तीपुर जिला बल में पदस्थापित थीं और वर्तमान में बंगरा थाना में प्रतिनियुक्त थीं। करीब तीन दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें तत्काल समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों और पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
बताया जा रहा है कि महिला सिपाही पहले से भी बीमार चल रही थीं। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पुलिस मेंस एसोसिएशन ने जताया शोक
महिला सिपाही के निधन पर पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष रामजन्म कुमार, जिलामंत्री मनोज कुमार पासवान, उपाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह, नीतीश कुमार, संदीप कुमार और सलीम सिद्दकी सहित अन्य सदस्यों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
एसोसिएशन के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
Kosi Live की रिपोर्ट