किशनगंज। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब सेवन के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला किशनगंज से है, जहां पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में डीएम कार्यालय में कार्यरत बड़ा बाबू अशोक सहनी (46) को गिरफ्तार किया है। ब्रेथ एनालाइजर से जांच के दौरान उनके शरीर में अल्कोहल की मात्रा 308 एमजी/100 एमएल पाई गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम शहर के धरमगंज स्थित सरदार गोपाल स्कूल के पास अशोक सहनी कथित तौर पर शराब के नशे में हो-हल्ला कर रहे थे। उनके हंगामा करने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही किशनगंज थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक महेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अशोक सहनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान उनके मुंह से शराब जैसी गंध आने पर उन्हें जांच के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में 308 एमजी अल्कोहल
सदर अस्पताल में ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई, जिसमें अल्कोहल की मात्रा 308 एमजी/100 एमएल पाई गई। इसके बाद पुलिस ने शराब सेवन के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
डीएम कार्यालय के जनरल सेक्शन में हैं कार्यरत
गिरफ्तार अशोक सहनी किशनगंज शहर के डुमरिया वार्ड संख्या 30 निवासी भुवनेश्वर सहनी के पुत्र हैं। उनकी उम्र 46 वर्ष बताई गई है। वह डीएम कार्यालय परिसर स्थित जनरल सेक्शन में बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी और सरकारी वाहन से उन्हें किशनगंज थाना लाया गया। सरकारी कार्यालय में कार्यरत कर्मी की गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक महकमे में भी इसकी चर्चा हो रही है।
न्यायालय में पेश करने की तैयारी
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि धरमगंज इलाके में एक व्यक्ति के शराब के नशे में हंगामा करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
वहीं, एसडीपीओ-वन खुसरू सिराज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
Kosi Live की रिपोर्ट