Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:श्रीकृष्ण सेतु पर बराती बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत; पिता समेत कई घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, November 27, 2026

BIHAR NEWS:श्रीकृष्ण सेतु पर बराती बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत; पिता समेत कई घायल

मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु पर बस-कार की भीषण टक्कर, युवक की मौत; पिता समेत 10 लोग घायल

मुंगेर। मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु पर शुक्रवार की अहले सुबह बस और कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 35 वर्षीय युवक आकाश कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके पिता अमरेंद्र कुमार समेत 10 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने आकाश कुमार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके पिता अमरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

बेटे की मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम

मृतक आकाश कुमार की पहचान वैशाली जिले के करताहा थाना क्षेत्र के गुरामिहा गांव निवासी के रूप में हुई है। हादसे में उनके पिता अमरेंद्र कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में स्वजनों के पहुंचने के बाद माहौल गमगीन हो गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।

बारात से लौट रही बस में मची चीख-पुकार

बस में सवार खगड़िया जिले के विशनपुर गांव निवासी मनीष कुमार, मिथुन कुमार समेत अन्य यात्रियों ने बताया कि वे गांव के कालीचरण चौधरी के बेटे सोनू चौधरी के पुत्र की शादी में शामिल होने सिंघिया गए थे।

बारात से लौटने के दौरान शुक्रवार की अहले सुबह श्रीकृष्ण सेतु पर उनकी बस सामने से आ रही कार से टकरा गई। यात्रियों के अनुसार, हादसे के समय बस में सवार अधिकांश लोग नींद में थे।

अचानक हुई जोरदार टक्कर से बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री चोटिल होकर सीटों पर गिर पड़े। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

एक घंटे तक पुल पर बाधित रहा आवागमन

दुर्घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस और यातायात पुलिस के तारकेश्वर प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को पुल से हटवाया।

हादसे के कारण करीब एक घंटे तक श्रीकृष्ण सेतु पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। पुल के दोनों ओर यातायात बाधित हो गया था। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाए जाने के बाद आवागमन सामान्य कराया गया।

इस भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है, जबकि घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।