Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:आनंद मोहन के सरेंडर आदेश पर चेतन आनंद ने उठाए 3 सवाल, 28 नवंबर को पटना में बुलाई आपात बैठक - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, November 27, 2026

BIHAR:आनंद मोहन के सरेंडर आदेश पर चेतन आनंद ने उठाए 3 सवाल, 28 नवंबर को पटना में बुलाई आपात बैठक

आनंद मोहन के सरेंडर आदेश पर चेतन आनंद ने उठाए 3 सवाल, 28 नवंबर को पटना में बुलाई आपात बैठक

पटना। बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट की ओर से सरेंडर करने का आदेश दिए जाने के बाद राज्य के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। इस मामले में उनके बेटे और विधायक चेतन आनंद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर तीन अहम सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने पिता को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें उस अपराध की सजा दी गई, जो उन्होंने किया ही नहीं।

चेतन आनंद ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश, कानून में हुए बदलाव और आनंद मोहन को मिली सजा को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इन सवालों पर जवाब से ज्यादा जरूरी लोगों का चिंतन करना है।

चेतन आनंद ने उठाए तीन सवाल

चेतन आनंद ने अपनी पोस्ट में सबसे पहले सवाल किया कि सुप्रीम कोर्ट अपने ही फैसले से कैसे मुकर सकता है?

दूसरे सवाल में उन्होंने आनंद मोहन को मिली सजा और कानून में हुए बदलाव का मुद्दा उठाया। चेतन आनंद का कहना है कि उनके पिता को निचली अदालत ने वर्ष 2007 में सजा सुनाई थी। ऐसे में सजा के समय लागू प्रावधानों के आधार पर ही उनके मामले पर विचार होना चाहिए।

उन्होंने सवाल किया कि बिहार सरकार की ओर से वर्ष 2016 में पब्लिक सर्वेंट की ड्यूटी के दौरान मौत से जुड़े मामले में लाए गए कानून को आनंद मोहन पर कैसे लागू किया जा सकता है?

तीसरे सवाल में चेतन आनंद ने बिहार सरकार के वर्ष 2023 के कारा हस्तक संशोधन को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या कानून में बदलाव सिर्फ आनंद मोहन को जेल भेजने के लिए किए जाएंगे या फिर वर्ष 2023 के संशोधन का लाभ लेने वाले सभी लोगों को भी जेल जाना होगा?

चेतन आनंद ने कहा- मेरे पिता निर्दोष हैं

चेतन आनंद ने अपनी पोस्ट में पिता आनंद मोहन का बचाव करते हुए कहा कि पूरा बिहार जानता है कि उनके पिता निर्दोष हैं। उन्होंने दावा किया कि आनंद मोहन को उस अपराध की सजा दी गई, जो उन्होंने किया ही नहीं।

मुकदमे में गवाही का जिक्र करते हुए चेतन आनंद ने कहा कि इस मामले में दो प्रत्यक्ष गवाह थे। इनमें दिवंगत डीएम जी. कृष्णैया के चालक और उनके बॉडीगार्ड शामिल थे। चेतन आनंद के मुताबिक, दोनों गवाहों ने अदालत में आनंद मोहन की घटनास्थल पर मौजूदगी से इनकार किया था।

हालांकि, ये दावे चेतन आनंद की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए हैं।

समर्थकों से अनुशासन और शालीनता बनाए रखने की अपील

मामले को लेकर चेतन आनंद ने आनंद मोहन के समर्थकों और चाहने वालों से अनुशासन और शालीनता बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि यह महज एक षड्यंत्र है, तो इसका समय रहते उचित जवाब दिया जाएगा।

उन्होंने अभिभावकों, साथियों और युवाओं से आने वाली चुनौतियों का डटकर सामना करने का आह्वान भी किया।

28 नवंबर को पटना में आपात बैठक

चेतन आनंद ने अपनी पोस्ट में बताया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बिहार भर के प्रमुख अभिभावकों और युवा साथियों की एक आपात बैठक बुलाई गई है।

यह बैठक 28 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे पटना के गर्दनीबाग स्थित आवास संख्या 12/20 में आयोजित करने की जानकारी दी गई है।

आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट की ओर से सरेंडर करने का आदेश दिए जाने के बाद अब इस मामले को लेकर राजनीतिक और कानूनी चर्चा तेज हो गई है।