संविधान दिवस पर गयाजी में इंटरकास्ट कोर्ट मैरिज, 9 साल की भांजी ने दिया था शादी का आइडिया; दुल्हन बोली- शादी की उम्र 23-24 साल हो
गयाजी: संविधान दिवस के मौके पर गयाजी में एक अनोखी और प्रेरणादायक शादी हुई। दक्ष आर्यन और श्रेया तिवारी ने 26 नवंबर को कोर्ट मैरिज की। यह शादी इंटरकास्ट और दहेज मुक्त रही। दोनों परिवारों की सहमति से हुई इस शादी में संविधान दिवस को खास दिन बनाने का आइडिया दूल्हे की 9 साल की भांजी स्वाति ने दिया था।
शादी के बाद दुल्हन श्रेया तिवारी ने सरकार से लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र बढ़ाकर 23 से 24 साल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे लड़कियों को आत्मनिर्भर बनने, अपने पैरों पर खड़े होने और जीवन के महत्वपूर्ण फैसले लेने का पर्याप्त समय मिल सकेगा।
9 साल की भांजी ने दिया संविधान दिवस पर शादी का आइडिया
दूल्हे दक्ष आर्यन ने बताया कि संविधान दिवस पर शादी करने का विचार उनकी 9 साल की भांजी स्वाति का था। भांजी ने उनसे कहा था कि अगर उन्हें इंटरकास्ट मैरिज करनी है, तो संविधान दिवस के दिन शादी करनी चाहिए।
दक्ष ने बताया कि भांजी ने यह विचार कहां से लिया, इसकी जानकारी वही दे सकती है। परिवार को यह सुझाव पसंद आया और सभी की सहमति से 26 नवंबर को शादी करने का फैसला लिया गया।
सात साल से एक-दूसरे को जानते थे दक्ष और श्रेया
दक्ष और श्रेया एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। दोनों करीब सात साल से रिश्ते में थे। स्कूल के दिनों में उनकी दोस्ती हुई थी। उस समय दक्ष के पिता दिलीप कुमार की पोस्टिंग गोरखपुर में थी।
दक्ष गयाजी के रहने वाले हैं। वह बीबीए की पढ़ाई के साथ स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग और गैस एजेंसी का काम भी संभालते हैं। उन्होंने कहा कि कोर्ट मैरिज कानूनी रूप से मजबूत माध्यम है और इससे शादी को औपचारिक मान्यता मिलती है। इच्छानुसार पारंपरिक रीति-रिवाज भी अपनाए जा सकते हैं।
दूल्हे के पिता बोले- बच्चों के फैसले के साथ हैं
दक्ष के पिता दिलीप कुमार ने बताया कि दोनों बच्चे परिपक्व हैं और एक-दूसरे को अच्छी तरह समझते हैं। इसी वजह से दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से शादी का समर्थन किया।
उन्होंने बताया कि दक्ष कोईरी-कुशवाहा परिवार से हैं, जबकि श्रेया तिवारी परिवार से हैं। परिवार ने दहेज प्रथा को नकारते हुए इंटरकास्ट शादी का समर्थन किया।
दिलीप कुमार के अनुसार, शादी में फिजूलखर्ची और दहेज से बचकर उस पैसे का इस्तेमाल बच्चों के भविष्य के लिए किया जाना चाहिए।
दुल्हन ने शादी की उम्र बढ़ाने की मांग की
श्रेया तिवारी ने कहा कि वह दक्ष को बचपन से जानती हैं। स्कूल में शुरू हुई दोस्ती सात साल के रिश्ते के बाद शादी तक पहुंची। दोनों इस शादी से काफी खुश हैं।
श्रेया ने बिहार और उत्तर प्रदेश सरकार से अपील की कि लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र बढ़ाकर 23 से 24 साल की जाए। उन्होंने कहा कि 18 या 21 साल की उम्र में कई लड़कियां अभी पढ़ाई कर रही होती हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं बन पाती हैं।
उनका कहना है कि शादी से पहले लड़कियों को शिक्षा, रोजगार और अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे सोच-समझकर अपने जीवन का निर्णय ले सकें।
श्रेया के पिता का पिछले वर्ष ब्रेन हैमरेज के कारण निधन हो गया था। वह फार्मा क्षेत्र में नौकरी करती हैं।
संविधान दिवस पर हुई इस शादी में दोनों परिवारों की सहमति, दहेज से दूरी और इंटरकास्ट विवाह के जरिए सामाजिक समानता का संदेश देने की कोशिश की गई।
Kosi Live की रिपोर्ट